सिटी स्टेशन के निकट लाइन बाजार थाना क्षेत्र में देह व्यापार कराने वाले होटल को सीज करने की तैयारी में पुलिस जुट गई है। इस होटल से दो महिलाओं समेत पांच युवतियां और मैनेजर समेत पांच लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया था।
यह अलग बात है कि थाने से ही महिलाओं को जमानत दे दी गई। पुरुष ग्राहकों समेत मैनेजर को जेल भेज दिया गया। पूछताछ में तीन महिलाएं धंधा करने वाली तथा दो जोड़े प्रेमी प्रेमिका थे। धंधा करने वाली महिलाओं ने दो संचालिकाओं का नाम बताया है।
एसपी ने इनकी काल डिटेल मंगवाई है। शहर के अधिकतर होटलों में देह व्यापार का धंधा चल रहा है। पिछले साल भी पालिटेक्निक चौराहे के पास स्थित एक होटल इसी आरोप में सीज किया गया था।
दो दिन पहले सिटी स्टेशन के निकट पुलिस को यह सूचना मिली थी कि होटल में देह व्यापार का धंधा चल रहा है। इस सूचना पर सीओ सिटी रामप्रताप सिंह यादव और इंस्पेक्टर महिला थाना रंजना सचान के नेतृत्व में पुलिस ने छापा मारा तो अलग अलग कमरो में पांच महिलाएं और चार ग्राहक पकड़े गए।
पूछताछ में महिलाओं ने बताया कि उन्हें 600 रुपये प्रति ग्राहक मिलता है। एक ग्राहक का समय एक घंटे का होता है। दिन में दो से तीन ग्राहक उनके पास आते हैं। उन्हें ग्राहक दो महिलाएं भेजती हैं और पैसा होटल मैनेजर से मिलता है।
पुलिस ने सभी का मोबाइल जब्त कर लिया है। इनके काल डिटेल भी निकाले जा रहे हैं। गिरफ्तार महिलाओं ने पूछताछ में बताया कि उन्हें कुछ अफसरों और नेताओं के यहां भी संचालिका भेजती है।