जौनपुर में अंबेडकर जुलूस पर पथराव, आगजनी, फायरिंग
सिपाही समेत 12 लोग घायल, तनाव
मौके पर पीएसी समेत भारी फोर्स तैनात
थाना क्षेत्र के गोरारी गांव में शुक्रवार की शाम अंबेडकर जुलूस के रास्ते को लेकर हुए विवाद में पथराव हो गया। स्थिति नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने हवा में गोलियां चलाई लेकिन इससे हालात और बिगड़ गए। पथराव के बीच डायल 100 के एक सिपाही समेत 12 लोग घायल हो गए। अराजक तत्वों ने दो गुमटियों को आग के हवाले कर दिया। हालात गंभीर होते देख पुलिस ने डोभी से लेकर पाराकमाल तक करीब एक किलोमीटर तक जौनपुर शाहगंज मार्ग पर यातायात रोक दिया। घंटे भर बाद पीएसी पहुंची तो यातायात बहाल हो सका। तनाव को देखते हुए गांव में फोर्स तैनात कर दी गई है।
अंबेडकर जयंती पर शुक्रवार की शाम करीब साढ़े पांच बजे गोरारी गांव से डीजे और गाजे बाजे के साथ शोभायात्रा निकली थी। शोभायात्रा अल्पसंख्यक बस्ती के करीब पहुंची तो बस्ती के लोगों ने आबादी के बीच से जुलूस को जाने से रोक दिया। इसे लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। विवाद के बीच ही जुलूस पर पथराव हो गया। जिससे भगदड़ मच गई। इसके बाद जुलूस में शामिल लोगों ने रानीमऊ तिराहे पर जाम लगा दिया।
सूचना पर सीओ रामभुव यादव और एसओ खेतासराय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस के सामने भी पथराव होता रहा। हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस ने हवा में गोलियां चलाई तो हालात और बिगड़ गए। पथराव पुलिस टीम पर भी होने लगा। जिससे डायल 100 के सिपाही भूपेंद्र सिंह तथा ग्रामीण अशोक सोनी, हीरा, सुजीत, दिनेश, लालमन, रामलोचन, हाशिम, फुरकान, जीशान, हारिश और सलीम समेत करीब 12 लोग घायल हुए हैं। सभी का इलाज निजी चिकित्सकों से कराया गया।एक पक्ष के लोगों ने सड़क पर रखी दो गुमटियों को आग के हवाले कर दिया।
करीब घंटे भर बाद सर्किल के सभी थानों की फोर्स और पीएसी के साथ एडिशनल एसपी, एडीएम पहुंचे तो स्थिति नियंत्रण में हुई। डीएम डॉ. बलकार सिंह, एसपी अतुल सक्सेना ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
स्थिति नियंत्रण में है। एहतियात के तौर पर पीएसी और पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है। पथराव में एस सिपाही समेत पांच लोगों को चोटें आई हैं। अराजक तत्वों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। - अतुल सक्सेना, एसपी