मटियारी गांव में शुक्रवार की रात ईंट से सिर कूंचकर एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मौके पर खून से सनी ईंट और तीन जोड़ी चप्पलें मिलने के बाद शनिवार को गांव में सनसनी फैल गई।
जानकारी मिलने पर मौके पर सीओ और केराकत कोतवाली की पुलिस पहुंची। खोजी कुत्ता बादल घटनास्थल से तकरीबन तीन किलोमीटर दूर देवाकलपुर गांव की हरिजन बस्ती के एक हैंडपंप तक जाकर रुक गया।
पुलिस हत्याकांड की तफ्तीश में जुटी है। केराकत कोतवाली क्षेत्र के मटियारी गांव में निर्माणाधीन आश्रम पद्धति विद्यालय भवन से तकरीबन सौ मीटर की दूरी पर एक बगीचे में शनिवार को ग्रामीणों ने युवक की लाश देखी तो सन्न
रह गए। एक दिन पूर्व तक जहां सब कुछ सामान्य था, वहां खून से रंगी जमीन देखकर ग्रामीण सहम गए। जानकारी मिलने के बाद सीओ केराकत अशोक कुमार सिंह, कोतवाल एसपी तिवारी, एसआई छविनाथ सिंह और फिंगर प्रिंट
एक्सपर्ट मौके पर पहुंचे। तकरीबन 40 साल उम्र वाले मृतक ने फ्रेंच कट दाढ़ी रखी थी। सफेद धारीदार शर्ट के अंदर कत्थई रंग की टी-शर्ट और बादामी रंग का पैंट पहने हुए था। उसके शरीर पर लाल चेकदार एक गमछा भी था।
मृतक की जेब से 1100 रुपये मिले, जबकि शव के समीप पांच सौ रुपये का एक नोट गिरा था। पास में खून से सनी दो ईंटें पाई गईं, जिनसे सिर कूंचकर हत्या की गई थी। पुलिस ने रात 10 से 11 बजे के आसपास हत्या की आशंका
जताई है। मौके पर तीन जोड़ी चप्पलें भी बरामद हुईं। ऐसा प्रतीत हो रहा था कि एक जोड़ी चप्पल मृतक की और दो हत्यारों की हो सकती है। पुलिस ने ग्रामीणों से शव की शिनाख्त कराने की कोशिश की, लेकिन पहचान नहीं हो सकी।
जानकारी मिलने के बाद खोजी कुत्ता बादल घटनास्थल से तकरीबन तीन किलोमीटर तक गया।
देवाकलपुर गांव की हरिजन बस्ती के समीप स्थित एक हैंडपंप तक जाकर वह खड़ा हो गया। उधर, पुलिस का कहना है
कि शीघ्र ही हत्यारों का पता लगा लिया जाएगा। मटियारी ग्राम प्रधान के भाई सुभाष यादव की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।