स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के भंडरिया टोला के पास रविवार की शाम दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने तमंचे सटाकर सराफा व्यवसायी के पास से जेवरात से भरा बैग छीन लिया। बैग में सोने-चांदी के 60 हजार के जेवर थे। व्यवसायी ने
विरोध किया तो तमंचे की बट से वार कर उसका सिर फोड़ दिया और हवा में गोलियां दागते हुए बदमाश फरार हो गए। सूचना पर पुलिस ने नाकेबंदी कर बदमाशों की खोजबीन शुरू की लेकिन कुछ पता नहीं चल सका। भंडरिया टोला निवासी
भरतलाल सेठ (45) की काजी कोट मोहल्ले में सराफा की दूकान है। रविवार की शाम वह दूकान बंद कर साइकल से घर जा रहे थे। वह जैसे ही अपने घर के सामने पहुंचे तभी पीछे से दो बाइक पर सवार चार बदमाश पहुंचे और
उनके हाथ से बैग छीनने लगे। उन्होंने विरोध किया तो एक बदमाश ने तमंचे की बट से सिर पर वार कर दिया। उनका सिर फट गया। बदमाश बैग छीन कर फायरिंग करते हुए गांव के रास्ते फरार हो गए। सूचना पर मौके पर
भारी भीड़ जमा हो गई। परिवार के लोगों ने घायल सराफा व्यवसायी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां इलाज कराने के बाद उसने थाने में जाकर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ तहरीर दी।
इंसपेक्टर राम भरोसे कुशवाहा ने बताया कि तहरीर के आधार पर चार अज्ञात बदमाशों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। बदमाशों की खोजबीन की जा रही है।