मड़ियाहूं पुलिस द्वारा मुठभेड़ में पकड़े गए लूट के आरोपी।
मड़ियाहूं कोतवाली पुलिस और क्राइम ब्रांच की साझा टीम ने गुरुवार की शाम एक मुठभेड़ में तीन लुटेरों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। गिरफ्तार बदमाशों के पास से पिस्टल, तमंचा और लूट के आभूषण बरामद हुए हैं।
पुलिस लाइन में शुक्रवार को आयोजित प्रेस कान्फ्रें स में एसपी शैलेश पांडेय ने बताया कि मड़ियाहूं कोतवाली पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम मुखबिर की सूचना पर गुरुवार की शाम करीब साढ़े चार बजे सीर तिराहे के पास मौजूद होकर बदमाशों का इंतजार कर रही थी।
हल्की मुठभेड़ में पुलिस ने एक बाइक पर सवार तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जबकि दूसरी बाइक पर सवार दो बदमाश भागने में सफल रहे। गिरफ्तार अभियुक्तों की पुलिस ने तलाशी ली तो उनके कब्जे से पिस्टल, तमंचा, सोने व चांदी के जेवरात बरामद हुए। पुलिस ने बदमाशों से कड़ाई से पूछताछ की तो रामपुर और मड़ियाहूं में हुई लूट की घटनाओं का खुलासा हुआ है। लूटे गए आभूषण को वे बेचने के लिए भदोही जा रहे थे।
अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि 20 जून को टेकारडीह गांव के पास से डेढ़ किलो की चांदी, दस ग्राम सोना आभूषण व्यवसायी से लूटा था। आठ जुलाई को मड़ियाहूं कस्बे के ईदगाह के पास इन्हीं बदमाशों ने स्वर्ण व्यवसायी से लूट की थी। रामपुर थाना क्षेत्र के मनापुर नदी के पास तीन किलो चांदी और 49 ग्राम सोना की लूट भी इन्हीं बदमाशों ने की थी। गिरफ्तार किए गए तीनों बदमाशों ने अपना नाम रामप्रकाश उर्फ गुड्डू, निवासी चक चमरौटी थाना मड़ियाहूं, संजीव यादव उर्फ गोरे निवासी कल्याणपुुर थाना मड़ियाहूं, छोटेलाल निवासी बराई थाना जलालपुर बताया है।