नेवढ़िया। क्षेत्र के एक गांव की किशोरी को गांव के ही युवक ने सुनसान जगह पर पाकर दुष्कर्म करने का प्रयास किया। किशोरी के विरोध करने युवक ने उसकी पिटाई कर दी। परिवार वालों ने युवक के खिलाफ तहरीर दी है।
किशोरी अपने घर से लगभग 500 मीटर दूर खेत में धान की नर्सरी की छुट्टा पशुओं से रखवाली कर रही थी। वहीं एक युवक बकरी चरा रहा था। युवक ने सुनसान जगह देख किशोरी से दुष्कर्म का प्रयास करना शुरू कर दिया। किशोरी के विरोध करने पर युवक ने किशोरी को लात घूसों से पीटना शुरू कर दिया। शोरशराबा सुनकर वहां से जा रही गांव की एक महिला ने किसी तरह किशोरी को युवक के चंगुल से मुक्त कराया और घटना की सूचना किशोरी के परिजनों को दी। किशोरी की मां ने घटना की सूचना यूपी 100 पर दी। जब तक पुलिस पहुंची आरोपी फरार हो गया था। उधर किशोरी के परिजनों ने युवक के खिलाफ तहरीर दी लेकिन पुलिस ने जांच का बहाना बनाकर मामले को टाल दिया।
किशोरी से दुष्कर्म मामले में केस दर्ज
जौनपुर। सुरेरी थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी किशोरी के साथ हुए दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने एक सप्ताह बाद केस दर्ज किया है। किशोरी के पिता ने थाने पर तहरीर देकर आरोप लगाया था कि एक महिला के सहयोग से ननिहाल आये युवक ने किशोरी के साथ दुराचार किया। जिसमें पुलिस ने बुधवार को किशोरी के पिता के तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। किशोरी को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
शादी का झांसा देकर दो साल तक किया शोषण
जफराबाद। थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती ने शादी का झांसा देकर दो साल से शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाया है। उसने युवक के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रहीं है।
आरोपी युवक का जफराबाद थाना क्षेत्र में ननिहाल है । युवक करौदी कला जिला सुल्तानपुर का रहने वाला है। युवक का अक्सर ननिहाल में आना जाना लगा रहता था । उसी दौरान युवती का उससे संबंध हो गया । युवक के पिता जौनपुर के एक प्राइवेट स्कूल में अध्यापक हैं । युवती का कहना है दो वर्ष शोषण करने के बाद शादी के लिए युवक तैयार नहीं हो रहा है। अब उसने अपना मोबाइल बंद कर लिया है । जब मैं उसके घर पर जाकर उसके परिजनों से बात की तो घर वालों ने जान से मारने की धमकी देते हुए डांट कर भगा दिया। एसओ मधुप कुमार सिंह का कहना है कि तहरीर मिली है । तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया जाएगा।