मछलीशहर। 19 अप्रैल को दीवानी न्यायालय की कैंटीन से पुलिस को चकमा देकर फरार अभियुक्त ने गुरुवार को एसीजेएम द्वितीय के न्यायालय में समर्पण कर दिया। जहां से अदालत ने उसे जेल भेज दिया।
मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र के बसहटा गांव निवासी शेरबहादुर यादव के खिलाफ छेड़खानी, एससी एसटी एक्ट के तहत कोतवाली में मुकदमा दर्ज था। गुंडा एक्ट के तहत वह जिलाबदर भी घोषित किया गया था। पुलिस उसे गिरफ्तार कर 19 अप्रैल को दीवानी न्यायालय में पेशी के लिये ले गयी थी। न्यायालय ने उसकी जमानत याचिका खारिज कर जेल भेजने का आदेश पारित किया। जब पुलिस उसे लेकर जेल पहुंचाने जा रही थी तो कैंटीन में जलपान करने के दौरान वह पुलिस वालों को चकमा देकर फरार हो गया था। पुलिस ने फरार अभियुक्त की तलाश में कई जगह छापेमारी भी की और उसके घर पर कुर्की की नोटिस चस्पा करवा दिया। पुलिस के दबाव बनाने पर अभियुक्त ने गुरुवार को स्वयं को एसीजेम (द्वितीय ) के न्यायालय में समर्पण कर दिया।