जफराबाद। रायपुर गांव में सोमवार की रात आई बारात में आर्केस्ट्रा के मंच पर चढ़कर डांस करने से रोका तो मनबढ़ों ने बारातियों पर हमला कर दिया। मनबढ़ दौड़ा दौड़ाकर बारातियों को पीटने लगे। इसमें आठ लोग घायल हो गए। किसी का सिर फट गया तो किसी का हाथ टूट गया। आरोप है कि मनबढ़ों ने दूल्हे के चचेरे भाई के पास से नौ हजार रुपये और मोबाइल फोन भी लूट लिया।
रायपुर में बीती रात बिहारी लाल यादव के यहां गौरा बादशाहपुर क्षेत्र के कौवापारे से बारात आई थी। जनवासे में आर्केस्ट्रा का कार्यक्रम चल रहा था। गांव के कुछ मनबढ़ युवक मंच पर चढ़कर अभद्रता करने लगे। बारातियों ने मना किया तो मनबढ़ों ने उन्हें पीटना शुरू कर दिया। लाठी डंडे तथा लोहे के रॉड से लोगों को दौड़ौ दौड़ाकर पीटा गया। बारात में भगदड़ मच गई। घायल दूल्हे के चचेरे भाई सुनील कुमार का आरोप है कि उनके पास से नौ हजार रुपये और मोबाइल फोन लूट लिया। सुनील कुमार, संजय कुमार, संदीप, रमाशंकर, जितेंद्र यादव, लोरिक यादव, मंजेश, बब्लू, उदय यादव घायल हो गए। मंगलवार को सुबह जफराबाद थाने पर कार्रवाई के लिए बारातियों की तरफ से थानाध्यक्ष को तहरीर दी गई। थानाध्यक्ष का कहना है केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।