मुंगराबादशाहपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के मादरडीह गांव में गुरुवार को शादी के लिए लड़की देखने आई महिलाओं ने लड़की को नापसंद करते हुए शादी से इंकार कर दिया तो लड़की पक्ष के लोगों ने सभी को बंधक बना लिया। देर शाम तक हुई पंचायत में 35 हजार रुपया जुर्माना देने पर लड़के पक्ष के लोगों को मुक्त किया गया।
मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के पकड़ी गांव निवासी एक लड़के की शादी के लिए महिलाएं और पुरुष लड़की देखने के लिए मादरडीह गांव आए थे। इसके पहले भी लड़के पक्ष के लोग दो बार लड़की देख चुके थे। गुरुवार को लड़की देखने की सिर्फ औपचारिकता पूरी कर शादी की तारीख पक्की होनी थी। लड़की पक्ष के लोगों ने रिश्तेदारों की खातिरदारी के लिए काफी तैयारी की थी। परिवार के लोगों के साथ रिश्तेदारी से आई कुछ महिलाओं ने लड़की को नापसंद करते हुए शादी से इंकार कर दिया।
इसी बात से लड़की पक्ष के लोगों का गुस्सा भड़क गया। लोगों ने कहा कि अगर लड़की नापंसद थी तो पहले ही बता देना चाहिए था। आज जब सारा इंतजाम हो गया और शादी की तारीख पक्की होनी थी तो इस मौके पर शादी से इंकार कर उनका अपमान किया गया है। लड़के पक्ष के लोगों ने जब चलना शुरू किया तो लड़की पक्ष के लोगों ने पुरुष और महिलाओं को जबरन रोक लिया। दोनों पक्ष के रिश्तेदारों ने मिलकर पंचायत की। पंचायत में तय हुआ कि लड़की पक्ष की ओर से की गई तैयारी में करीब 35 हजार रुपया खर्च हुआ है। इसे लड़के पक्ष के लोगों को देना होगा। लोगों ने 35 हजार रुपया बतौर जुर्माना दिया तो देर शाम को लोगों को मुक्त किया गया।