सिकरारा। जौनपुर-प्रयागराज मार्ग पर खानापट्टी गांव के पास बुधवार को सुबह करीब 10 बजे मनबढ़ छात्रों ने अलग-अलग डिपो की दो बसों पर पथराव कर दिया। दोनों बसों का अगला शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। और एक बस के चालक को चोट आई है। घटना से गुस्साए बस चालकों ने बस को हाईवे पर आड़े तिरछे खड़ा कर दिया जिससे जाम लग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने समझा बुझाकर आधे घंटे में जाम समाप्त करा दिया। दोनों बसों के चालकों की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। दोनों बसों में सवार यात्रियों को दूसरी बसों से रवाना किया गया।
बस में सवार यात्रियों ने बताया कि जौनपुर से इलाहाबाद जा रही जौनपुर डिपो की एक बस पर सिकरारा के करीब छह-सात की संख्या में छात्र सवार हुए। डिपो से जल्दी गाड़ी लेकर चलने की जिद कर रहे छात्रों और चालक से कहासुनी होने लगी। इस दौरान छात्र जौनपुर डिपो की बस से उतरकर पीछे लगी सिविल लाइन डिपो की बस में सवार हो गए। इसी बीच जौनपुर डिपो की गाड़ी डिपो से रवाना हो गई। सिविल लाइंस डिपो की बस लाला बाजार के पास जौनपुर डिपो की बस को ओवरटेक कर आगे निकल गई। बस में सवार छात्र खाना पट्टी मोड़ के पास बस को रोकवाने लगे तो चालक ने स्टापेज न होने की बात कहते हुए रफ्तार कम नहीं की। इतने में छात्रों ने जबरन बस को रोकवा लिया। नीचे उतरते ही मनबढ़ छात्रों ने ईंट से वार कर आगे का शीशा क्षतिग्रस्त कर दिया। इसी बीच जौनपुर डिपो की वह बस भी पहुंच गई जिसके चालक से छात्रों की पहले कहासुनी डिपो के अंदर हो चुकी थी। छात्र सड़क पर खड़े होकर बस रोक लिए और पथराव कर दिया। पथराव से जौनपुर बस डिपो के चालक राजबली सिंह के सीने में चोट लगी। चालक ने बस को सड़क पर आड़े तिरछे खड़ाकर जाम लगा दिया। जाम की सूचना पर थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार पांडेय मौके पर पहुंचे तो मनबढ़ वहां से फरार हो गए। दोनों बसों को पुलिस ने कब्जे में ले लिया। यात्रियों को दूसरी बस से रवाना किया गया। प्रियंचला श्रीवास्तव व प्रशांत कुमार तथा चालक राजबली व दिलीप कुमार की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि बस पर पथराव करने वाले छात्रों में से कुछ एमसटी धारक हैं। परिचालक से उनका डिटेल लेकर पता लगाया जा रहा है। शीघ्र ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।