खुटहन। स्थानीय थाना क्षेत्र के पटैला बाजार में शराब पीने के लिए पैसे न देने पर बाइक सवार मनबढ़ों ने गुरुवार की शाम एक सब्जी की दुकान पर कई राऊंड गोलियां चलाई। गोली लगने से सब्जी व्यवसायी घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गोली हाथ मे ंलगी है जिससे उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है। बाजार में गोली चलने की आवाज सुनते ही दहशत फैल गई। बाजार के लोगों ने बदमाशों को ललकारा तो पांच बाइक मौके पर छोड़कर बदमाश हवा में गोलियां दागते फरार हो गए। गुस्साए लोगों ने बाइक क्षतिग्रस्त कर दी। सूचना पर सीओ शाहगंज समेत सर्किल के सभी थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने चार नामजद सेत 12 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। एहतियात के तौर पर पुलिस और पीएसी तैनात कर दी गई है।
पटैला गांव निवासी राम मिलन मौर्य की बाजार में सब्जी की आढ़त है। उनका बेटा प्रमोद मौर्य अपना निजी जनरेटर चलाकर दुकानदारों को लाइट के लिए कनेक्शन दिए हुए है। बुधवार की रात वह सभी दुकानदारों से पैसा वसूल कर रहा था। जनरेटर का पैसा वसूलने वह शराब की दुकान पर पहुंचा तो वहां पहले से मौजूद चार पांच की संख्या में मनबढ़ों ने उससे शराब पीने के लिए पैसे मांगे। प्रमोद ने पैसा देने से मना किया तो तो उसकी पिटाई भी कर दी। किसी तरह वह भागकर दूकान पर पहुंचा। गुरुवार को मनबढ़ सुबह उसकी सब्जी की दूकान पर पहुंच गए। कहासुनी हो रही थी लेकिन आस पास के लोगों ने समझा बुझाकर मामला शांत करा दिया था।शाम को करीब पांच बजे मनबढ़ करीब बारह की संख्या में पांच बाइक से पहुंचे और राममिलन की सब्जी की आढ़त पर पहुंच कर हवाई फायरिंग करने लगे। राम मिलन दुकान से भाग रहे थे इसी दौरान गोली उनके हाथ में लग गई। फायरिंग से दहशत फैल गई। बाजार के लोगों ने ललकारा तो खुद को घिरता देख बदमाश बाइक छोड़ फरार हो गये। सूचना पर शाहगंज के एसडीएम और सीओ अजय कुमार श्रीवास्तव व सर्किल के सभी थानों की फोर्स पहुंच गई। एहतियात के तौर पर पुलिस और पीएसी तैनात कर दी गई है। राममिलन की तहरीर पर पुलिस ने धिरौली गांव निवासी अनिल यादव समेत चार नामजद और सात अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।