सुजानगंज। शुक्रवार को देर शाम क्षेत्र के बसरही बाजार के पास बाइक सवार सड़क के किनारे खड़े ट्रैक्टर की ट्राली में घुस गया, जिससे युवक की मौत हो गई। इसके खिलाफ ग्रामीणों ने शनिवार को युवक का शव सड़क पर रखकर रास्ता रोक दिया। पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की।
मधुपुर निवासी श्यामू गौड़ (22) बसरही बाजार से बाइक से घर जा रहा था। रफ्तार अधिक होने की वजह से सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर की ट्राली में घुस गया और उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया लेकिन रात में पोस्टमार्टम के लिए नहीं भेजा। इससे नाराज परिवार वालों ने सुबह शव को थाने के सामने रखकर सड़क पर ही प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। एसओ सनवर अली ने काफी समझाया लेकिन जाम समाप्त नहीं हुआ। सूचना मिलने के बाद मौके पर सीओ बदलापुर सौम्या पांडेय, मछलीशहर कोतवाली प्रभारी सिद्धार्थ मिश्र, मुंगराबादशाहपुर थानाध्यक्ष अनिल सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एक घंटे बाद समझाबुझाकर जाम समाप्त कराया गया। परिवार वालों का आरोप है कि पुलिस मामले में आरोपी को बचाने का प्रयास कर रही है। थानाध्यक्ष सनवर अली ने बताया कि ट्रैक्टर ट्राली को कब्जे में लेकर केस दर्ज कर लिया गया है।