थानागद्दी। केराकत कोतवाली क्षेत्र के बेहड़ा गांव स्थित निर्माणाधीन बीटीसी कालेज परिसर में दिहाड़ी पर काम करने वाले बिहार निवासी एक श्रमिक की अबूझ हालत में मौत हो गई। उसका शव रविवार की रात निर्माणाधीन बिल्डिंग की खिड़की से मफलर के सहारे फंदे पर लटकता मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मुजफ्फरपुर बिहार निवासी इंदल साहनी (25) मजदूरी करता था। रविवार की रात लगभग आठ बजे किराना की दुकान से सामान लेकर वह निर्माणधीन विद्यालय परिसर में आया। उसके साथियों के मुताबिक इंदल फोन पर अपनी पत्नी अनीता से बात की। उसके बाद निर्माणाधीन इमारत की ओर चला गया। किस बात से वह परेशान था किसी को पता नहीं। रात करीब नौ बजे जब साथी मजदूर भोजन करने के लिए उसे ढूंढने लगे तो सुनसान बिल्डिंग की खिड़की में मफ़लर के सहारे लटकता शव मिला। यहीं पर काम कर रहे उसके चचेरे भाई राम विनय साहनी ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे थानागद्दी चौकी प्रभारी राजेश गिरी ने शव को कब्जे में लेकर सोमवार की सुबह पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।