मड़ियाहूं। कोतवाली क्षेत्र के भदोही राजमार्ग पर सरौना गांव स्थित पेट्रोल पंप पर बुधवार की शाम पेट्रोल लेने के दौरान कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पांच लोगों को हिरासत में लिया है। पेट्रोल पंप प्रबंधक ने रुपयों से भरा बैग छिनने के प्रयास का आरोप लगाया है।
सरौना गांव स्थित यादवेश पेट्रोल पंप पर बुधवार की शाम पल्सर सवार छ: लोग पहुंचे। जहां पेट्रोल भरवाए और पैसा मांगने पर कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। ऑफिस में बैठे मैनेजर मनोज कुमार विवाद देख मौके पर पहुंचे और पैसा देने को कहा। इस पर उनसे भी मारपीट करने लगे। मनोज का आरोप है कि पीछे बैठा युवक कमर से तमंचा निकालने लगा और उनका रुपयों से भरा छिनने लगा। शोर करने पर ग्रामीण पहुंच गए और पांच युवकों को पकड़ लिया और उनकी पिटाई करने लगे। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने पांच को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पेट्रोल पंप मालिक ब्लाक प्रमुख लाल प्रताप यादव का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी शातिर बदमाश हैं और लूट का प्रयास कर रहे थे। वैसे पुलिस मारपीट का मामला बता रही है। कोतवाल सुरेंद्र सिंह का कहना है कि सभी नशे में धुत थे। पैसे के लेन-देन में मारपीट हुई। किसी के पास कोई असलहा बरामद नहीं हुआ। पूछताछ की जा रही है।