मछलीशहर/खुटहन। मछलीशहर और खुटहन थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में अलाव की चिंगारी से रविवार को लगी आग में पशुशाला समेत तीन रिहायशी मड़हे और उसमें रखा गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। दो मवेशी झुलस गए।
मिसिदियापुर गांव निवासी मनोज यादव रात में अलाव तापने के बाद सोने चले गये। रात में करीब एक बजे अलाव की चिंगारी से पशुशाला में आग लग गई। मवेशियों के चिल्लाने की आवाज सुनकर परिवार के लोगों की नींद टूट गई। उन्होेंने शोर मचाना शुरू किया तो गांव के लोग जुट गए। ग्रामीणों ने पंपिंगसेट चलवाकर आग बुझाई। जब तक आग बुझाई जाती तब तक पशुशाला और बगल में स्थित रिहायशी छप्पर उसमें रखा खाद्यान्न व गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। एक गाय और एक भैंस झुलस गई। उधर, खुटहन थाना क्षेत्र के कपसिया गांव निवासी दयाराम यादव के घर के सामने मड़हे में सोमवार की सुबह अलाव जल रहा था। उसी दौरान चिंगारी छप्पर में पहुंच गई। जिससे आग लग गई। जबतक लोग आग बुझा पाते तबतक मड़हा और उसमें रखा सारा सामान जलकर राख हो गया।