उत्तर प्रदेश से राज्यसभा सांसद और पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के बेटे नीरज शेखर ने कहा कि सरकार किसानों की हालत ठीक करने की कोशिश में लगी है, क्योंकि आज भी देश के 60 प्रतिशत लोग किसानी से जुड़े हुए हैं। अगर इनका विकास नहीं होगा तो देश का विकास नहीं होगा। ये बात हमारी पार्टी (भाजपा) जानती है। इसलिए किसानों के लिए काम कर रही है।
नीरज शेखर पूर्व कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश श्रीवास्तव की तेरहवीं में सोमवार को शामिल होने के बाद पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों को लेकर गंभीर है। सरकार दृढ़ संकल्पित है कि किसानों की आय दो गुनी होनी चाहिए। उन्होंने पूर्व मंत्री ओम प्रकाश श्रीवास्तव और अपने पिता पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के संबंधों के भी बारे में बताया। कहा कि दोनों लोग एक दूसरे के काफी करीबी थे। वह सालों तक एक साथ समय बिताए थे उन्होंने कहा कि मुझे नहीं लगता कि पिताजी ओम प्रकाश श्रीवास्तव से ज्यादा किसी अन्य के साथ रहे हों, क्योंकि दोनों लोगों की विचारधारा एक जैसी थी। उन्होंने बताया कि वह ओम प्रकाश श्रीवास्तव से आखिरी समय तक मार्गदर्शन लेते रहे हैं। कहा कि मेरे समझ से पिताजी के करीबी नेताओं में ओमप्रकाश आखिरी व्यक्ति रह गए थे। दोनों लोगों ने राजनीति में आने के बाद हमेशा देश के विकास के लिए काम किया। वे हमेशा सोचते थे कि देश अखंड रहे और विकास करे। तेरहवीं में राज्य सभा सांसद नीरज शेखर के अलावा भाजपा काशी क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष महेश श्रीवास्तव, क्षेत्रीय महामंत्री आशुतोष पाल, कायस्थ महासभा के जिलाध्यक्ष नीलमणि श्रीवास्तव, रवि श्रीवास्तव, राकेश श्रीवास्तव, श्रीकांत श्रीवास्तव, राजेश श्रीवास्तव, पीयूष गुप्ता, पंकज श्रीवास्तव, सुमित श्रीवास्तव, सुलभ श्रीवास्तव, विश्व प्रकाश श्रीवास्तव, अंकित, पीयूष गुप्ता आदि भी शामिल रहे।