महाप्रबंधक उत्तर रेलवे आशुतोष गंगल ने बृहस्पतिवार को शाम श्रीकृष्ण नगर रेलवे स्टेशन के पूरब ऊदपुर घाटमपुर गांव के पास हुए रेल हादसे का मौके पर जायजा लेने पहुंचे। उन्होंने घटना स्थल से लेकर रेलवे स्टेशन तक विभिन्न बिंदुओं पर निरीक्षण कर बारीकी से जांच पड़ताल की। इस दौरान उन्होंने मातहतों को आवश्यक निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान पूछे जाने पर उन्होंने बताया कि मालगाड़ी के 22 वैगन पलटने की घटना को गंभीरता से लिया गया है। हादसे की जांच के लिए कमेटी गठित कर दी गई है। हादसे के लिए जो भी जिम्मेदार होंगे, उन्हें किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया जांच में इस हादसे का कारण पटरी में लगने वाले बेल्ट का टूट जाने का मामला सामने आया है। जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। डीआरएम ने बताया कि तीन सदस्यीय टीम पूरे मामले की जांच करेगी। इसमें संरक्षा, कैरेज वैगन व ट्रैक विभाग से एक-एक अधिकारी शामिल किए गए हैं।