उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के तहत आने वाले एक गांव में हैरानी भरा मामला सामने आया है। यहां शादी के दौरान बिल्कुल फिल्मी अंदाज में बरात के आने के बाद दुल्हन जयमाल के बाद फरार हो गई। रात भर उसकी तलाश होती रही। वह भोर में गांव के ही एक युवक के घर में छिपी मिली। पुलिस आरोपी युवक व उसके पिता को हिरासत में लेकर थाने ले गई। यहां घंटों पंचायत के बाद मामला सुलझने पर विवाह की रस्में पूरी हुईं।
रामपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में शुक्रवार रात भदोही जिले से बारात आई थी। घरातियों ने बरातियों का जोरदार स्वागत किया। द्वारपूजा के बाद जयमाल की रस्म हुई। जयमाल के बाद अचानक दुल्हन लापता हो गई। परिजनों को इसकी जानकारी हुई तो सन्न रह गए। काफी देर तक घर व आसपास खोजबीन हुई, लेकिन दुल्हन का कहीं पता नहीं चला।
अनहोनी की आशंकाओं से सहमे परिजन शक होने पर भोर में गांव के एक युवक के घर पहुंचे। दुल्हन इसी घर में छिपी हुई थी। परिजनों की सूचना पर रामपुर पुलिस भी वहां पहुंच गई।