मुंगराबादशाहपुर। मामा की शादी में शामिल होने आए सगे भाइयों के मौत की खबर सुनकर कर किसी का कलेजा धक रह गया। मनहूस खबर सुनकर पिता भी बेहोश हो जा रहे थे। वहीं, मंगलवार को घटना की जानकारी मिलने पर सरायडिंगुर में मातमी सन्नाटा पसर गया। शोक में डूबे गांव में चूल्हे तक नहीं जले।
सिकरारा थाना क्षेत्र के बांकी गांव निवासी गौरव सिंह की बहन वंदना सिंह की शादी सरायडिंगुर में विवेक सिंह के साथ हुई है। जिनके दो बेटे अनुग्रह सिंह (17), प्रभुदेव सिंह (15) और एक बेटी तान्या हैं। अनुग्रह लार्ड बुद्धा कालेज बीकासराय में 11 वीं का छात्र था, जबकि उसका छोटा भाई प्रभुदेव सिंह, द्विवेदी पैराडाईज स्कूल में 5वीं का छात्र था। परिवार के लोगों के मुताबिक दो दिन पहले ही गौरव ने अपनी शादी में शामिल होने के लिए बहन वंदना से बच्चों को साथ जरूर लाने का आग्रह फोन पर किया था। बहन दोनों बेटों के साथ सोमवार की सुबह मायके पहुंची थी। सोमवार को दोनों पुत्र हंसी खुशी बरात गए। जबकि विवेक सिंह बरात में नहीं गए, वह अपने ही घर में थे। मंगलवार की सुबह हादसे में अपने दोनों बेटों अनुग्रह और प्रभुदेव के मौत की खबर सुनकर गश खाकर गिर पड़े। होश में आने पर धाड़े मारकर रोने लगे। हर कोई संभालने की कोशिश करता, लेकिन वह होश होते ही यह कहकर रोने लगते मुझे भी जाना था, काम की वजह से नहीं गया और बेटे चले गए। वह अपने बेटों से ताउम्र नहीं मिल पाएगे। हालांकि परिवार के लोग उन्हें किसी तरह से सिकरारा ले गए। वहीं, तान्या भी भाइयों की मौत से पागल सी हो गई। वह धाड़ें मारकर रोती फिर चीखने चिल्लाने लगती है।