इस दौरान पथराव भी होने लगा। इस बीच एसडीएम अर्चना ओझा भी मौके पर पहुंच गईं। उनके निर्देश पर पुलिस ने हल्का बल प्रयोग करते हुए दोनों पक्षों को शांत कराया। करीब एक घंटे तक अफरातफरी का माहौल रहा।
एसडीएम अर्चना ओझा का कहना है कि सूचना मिलने पर मैं मौके पर पहुंची तो दोनों दल के कार्यकर्ता आपस में धक्का मुक्की कर रहे थे। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर शांत करा दिया। सुरक्षा को देखते हुए दो सेक्शन पीएससी तैनात कर दी गई है। लाठी चार्ज और पथराव की घटना नहीं हुई है।
समाजवादी पार्टी और भाजपा समर्थित निषाद पार्टी के प्रत्याशी के समर्थकों के बीच हुई मारपीट में रविवार को पुलिस ने दोनों पक्षों पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। निषाद पार्टी के प्रत्याशी की तहरीर पर पुलिस ने सपा प्रत्याशी शैलेंद्र यादव समेत 9 नामजद व 100 अज्ञात के खिलाफ तथा सपा कार्यकर्ता रमेश सोनकर की तहरीर पर निषाद पार्टी के प्रत्याशी रमेश सिंह, नगर पालिका चेयरमैन के पति व भाजपा नेता प्रदीप जायसवाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है।
सपा और भाजपा गठबंधन निषाद पार्टी के प्रत्याशी और कार्यकर्ता शनिवार की देर शाम आमने-सामने हो गए। आरोप लगाया कि निषाद पार्टी के प्रत्याशी की ओर से सपा कार्यकर्ता रमेश सोनकर को बुलाकर प्रलोभन दिया जा रहा था। इसकी भनक लगते ही सपा समर्थकों ने इसका विरोध किया। इस पर दोनों पक्षों के बीच झड़प के साथ मारपीट शुरू हो गई।
इसके बाद निषाद व भाजपा गठबंधन के समर्थकों ने धरना प्रदर्शन और चक्का जाम कर दिया था। पुलिस ने इस मामले में निषाद पार्टी प्रत्याशी रमेश सिंह की तहरीर पर सपा प्रत्याशी शैलेंद्र यादव ललई, संजय यादव, मनोज यादव, शिवेंद्र यादव, सुरेंद्र यादव, जसीम खान, धर्मेंद्र यादव, पप्पू यादव, राम समाहित यादव व 100 अज्ञात के खिलाफ होटल में मारपीट करने का मुकदमा दर्ज किया है।
उधर, सपा समर्थक रमेश सोनकर की शिकायत पर भी पुलिस ने निषाद पार्टी के प्रत्याशी रमेश सिंह और नगर पालिका परिषद की चेयरमैन के पति व भाजपा नेता प्रदीप जायसवाल के खिलाफ मारपीट और जाति सूचक शब्द का प्रयोग करने का मुकदमा दर्ज किया है।
इससे पहले सपा प्रत्याशी शैलेंद्र यादव ललई ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो संदेश भी जारी किया था, जिसमें उन्होंने एक दलित सपा समर्थक पर पिस्टल सटाने का आरोप लगाया और चुनाव आयोग से पूरी घटना की जांच कराने की मांग की। वहीं भाजपा गठबंधन निषाद पार्टी के प्रत्याशी रमेश सिंह ने सपा प्रत्याशी शैलेन्द्र यादव ललई पर गुंडागर्दी करने का आरोप लगाया है।
‘यूपी में योगी’ गीत पर बसपाइयों ने जमकर डांस किया। बसपाइयों के योगी गीत पर नाचने का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। वीडियो जौनपुर के केराकत सुरक्षित विधानसभा का है। शनिवार की शाम रोड शो खत्म करने के बाद भाजपा कार्यकर्ता यूपी में योगी गीत बजाते और नाचते हुए केराकत कस्बे में स्थित अपने कार्यालय लौट रहे थे।
गाड़ी जब बसपा कार्यालय के सामने पहुंची तो बसपा कार्यालय के बाहर खड़े बसपा कार्यकर्ता भी गीत पर डांस करने लगे। बसपाइयों को डांस करता देख भाजपा कार्यकर्ता वहीं रुक गए और जमकर डांस किया। बसपा कार्यकर्ताओं ने भी भाजपा कार्यकर्ताओं संग जमकर डांस किया। डांस करने वाले दोनों दलों के कार्यकर्ता अपनी अपनी पार्टी का झंडा लिए थे। किसी ने इस डांस का वीडियो बना लिया। वायरल वीडियो देख लोग खूब मजे ले रहे हैं।