मछलीशहर कोतवाली क्षेत्र के विश्वपालपुर गांव में बुधवार को छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले के कवर्धा थाने की पुलिस ने एटीएम का सर्वर हैक कर 1.14 करोड़ रुपये निकालने के आरोपी क्षेत्र पंचायत सदस्य को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी युवक को लेकर पुलिस कोतवाली पहुंची, जहां कागजी कार्रवाई पूरी कर अपने साथ छत्तीसगढ़ ले गई।
विश्वपालपुर गांव निवासी सुरेंद्र कुमार बिंद क्षेत्र पंचायत सदस्य हैं। पुलिस के मुताबिक उस पर छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले के कवर्धा थाने में एटीएम का सर्वर हैक कर एक करोड़ 14 लाख रुपये निकालने का मामला दर्ज है। उसकी तलाश में छत्तीसगढ़ पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। इसके साथ ही सर्विलांस की मदद से सुराग लगा रही थी। इसी बीच मुखबिर से सुरेंद्र कुमार बिंद के अपने घर मौजूद होने की सूचना मिली। छत्तीसगढ़ पुलिस के एसआई नवरत्न सिंह टीम के साथ मंगलवार की रात मछलीशहर थाने पहुंचे। जहां से स्थानीय पुलिस की सहायता से भोर में आरोपी के घर पहुंचकर गिरफ्तार कर लिया। छत्तीसगढ़ कवर्धा थाने के एसआई नवरत्न सिंह के अनुसार आरोपी सुरेंद्र कुमार बिंद अपने गिरोह के साथ सर्वर हैक कर एटीएम से लाखों रुपये निकाल लेता था। इसकी तलाश में पुलिस थी। प्रभारी निरीक्षक दिनेश प्रकाश पांडेय ने बताया कि एटीएम से फ्राड के मामले में छत्तीसगढ़ पुलिस विश्वपालपुर गांव के सुरेंद्र को गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई है।