जौनपुर-रायबरेली हाइवे पर स्थित टोल प्लाजा कुंवरपुर के पास सड़क के किनारे खड़े ट्रक में गिट्टी लादकर प्रयागराज की तरफ से आ रहे ट्रक ने पीछे से टक्कर मार दिया। इस हादसे में गाड़ी चला रहे खलासी की मौत हो गई, जबकि साथ में बैठा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। चालक का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
आजमगढ़ जिले सरायमीर थाना के ग्राम संजरपुर निवासी मेवा लाल पुत्र रामधनी (42) मध्य प्रदेश से अपनी ट्रक पर गिट्टी लादकर आजमगढ़ की तरफ जा रहे थे। बृहस्पतिवार को भोर में ट्रक लेकर वह मुंगराबादशाहपुर पहुंचे तो उन्हें नींद आने लगी। जिसके चलते खलासी सचिन (28) पुत्र धामू यादव निवासी ग्राम इटकुटिया थाना फूलपुर जिला आजमगढ़ को ट्रक चलाने के लिए दे दिए। टोल प्लाजा के निकट पहुंचे थे कि ट्रक अनियंत्रित होकर हाइवे के किनारे पहले से खड़े दूसरे खाली ट्रक में पीछे से टकरा गया। हादसे की सूचना पर पहुंची पंवारा पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद दोनों ट्रकों को अलग किया। खलासी और चालक को एंबुलेंस की सहायता से स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले आए। जहां चिकित्सक ने खलासी सचिन को मृत घोषित कर दिया और चालक को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पंवारा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष पंवारा मनोज कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दोनों ट्रकों को कब्जे में ले लिया गया है।