जिले के 125472 अंत्योदय राशन कार्ड धारक परिवारों के 414613 लाभार्थियों के लिए खुशखबरी है। अब उनका भी आयुष्मान कार्ड बन सकेगा। इससे आयुष्मान भारत योजना में सूचीबद्ध अस्पतालों में पांच लाख रुपये तक का इलाज करवा सकेंगे। आयुष्मान भारत योजना के नोडल अधिकारी अपर मुख्य चिकित्साधिकारी (एसीएमओ) डॉ. आरके सिंह ने बताया कि कोई भी अंत्योदय कार्ड धारक परिवार अपना अंत्योदय राशन कार्ड और आधार कार्ड लेकर किसी भी जिला चिकित्सालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), कॉमन सर्विस सेंटर तथा आयुष्मान भारत योजना में सूचीबद्ध किसी भी निजी चिकित्सालय के आयुष्मान मित्र से संपर्क कर आयुष्मान कार्ड बनवा सकता है।
जिला सूचना प्रणाली प्रबंधक हिमांशु शेखर सिंह ने बताया कि जनपद अंत्योदय राशन कार्ड के कुल 125472 लाभार्थी परिवार हैं, जिनसे संबंधित 414613 लाभार्थी हैं। अब सभी अंत्योदय राशन कार्ड धारक अपने परिवार के सभी सदस्यों के आयुष्मान कार्ड बनवा सकते हैं। आयुष्मान कार्ड धारक योजना के तहत 5 लाख रुपए तक का नि:शुल्क इलाज पूरे देश में सूचिबद्ध किसी भी अस्पताल में करवा सकता है। आयुष्मान भारत योजना में 2500 के लगभग बीमारियों का इलाज किया जाता है जिनमें कैंसर, हृदय रोग, हड्डी रोग, सभी प्रकार की सर्जरी, न्यूरो आदि हैं।