कौरहा गांव में घर के छत पर हाइ टेंशन विद्युत प्रवाहित तार की चपेट में आने से एक ही परिवार के तीन बच्चे झुलस गए। जिनमें अब तक दो बच्चों की मौत हो चुकी है। जबकि तीसरे की हालत नाजुक बताई जा रही है। वहीं, इस हादसे के बाद बिजली विभाग की तंद्रा भंग हुई। परिवार के लोग सांत्वना देने पहुंच रहे लोगों को पूर्व में खंभा हटाने के लिए दिए गए प्रार्थना पत्र को दिखा रहे थे।
सांसद बीपी सरोज, प्रभारी निरीक्षक दिनेश प्रकाश पांडेय बुधवार को पहुंचे। सांसद ने परिवार के लोगों को सरकारी मदद दिलाने का भरोसा दिलाया है। दूसरी ओर बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता अमर सिंह पटेल ने मृतक परी व प्रिंस के परिजनों को 2-2 लाख रुपये का चेक दिया है। उन्होंने बताया कि मकान के पास से खंभा हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जल्द ही खंभा हटाकर नई एचटी लाइन बनाई जाएगी। वहीं, साहू समाज के नगर अध्यक्ष रामजी साहू महामंत्री द्वय मुंशीलाल और रतन लाल गुप्ता ने बिजली विभाग को पत्र लिखकर घटना के प्रति आक्रोश जताया है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को पत्र लिखकर पीड़ित परिवार के लोगों को आर्थिक सहायता दिलाने तथा पूर्व में खंभा बदलने के लिए दिए गए प्रार्थना पत्र को संज्ञान में लेकर तत्काल खंभा बदलवाने की मांग किया है। साथ ही चेतावनी दिया है कि यदि पीड़ित परिवार की मांग को पूरा नहीं किया गया तो साहू समाज के लोग प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे।