सुरहुरपुर निवासी युवक ने नौकरी दिलाने के नाम पर 2.65 लाख रुपये की ठगी किए जाने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने बृहस्पतिवार को शाम करीब सात बजे केराकत कोतवाली में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई।
सुरहुरपुर गांव निवासी द्विजेंदु कुमार पांडेय ने तहरीर में कहा है कि कई साल से नौकरी के लिए प्रयासरत हैं। करीब दो वर्ष पहले पड़ोसी गांव के एक व्यक्ति ने उनके संपर्क में आने पर कहा कि यदि वह तीन लाख रुपये दे तो उसे नौकरी दिला देगा। उसके झांसे में आकर रुपये दे दिए। नौकरी नहीं मिलने पर जब उससे रुपये लौटाने के लिए कहा तो आरोपी हीलाहवाली करने लगा। इस मसले को लेकर पंचायत हुई। पंचायत में आरोपी ने रुपये लेने की बात स्वीकार की और 35 हजार रुपये लौटा दिए। साथ ही 2.65 लाख रुपये का चेक दिया। चेक बाउंस हो गया। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि अब रुपये की मांग करने पर आरोपी उसे फर्जी मामले में फंसाने की धमकी दे रहा है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक लक्ष्मण पर्वत ने बताया कि तहरीर मिली है। इस मामले की जांच की जा रही है।