फोटो - 07 इटौरा गुरु में खेल मैदान की मांग करते युवा। संवाद
- खेल मैदान की मांग, सबस्टेशन के पास खड़ी पड़ी जमीन पर करते हैं अभ्यास
- एचटी लाइन और ट्रांसफार्मरों से घिरा होने के कारण आए दिन हादसे की रहती आशंका
संवाद न्यूज एजेंसी
आटा। कदौरा ब्लॉक के ग्राम इटौरा गुरु में खेल मैदान के अभाव में ग्रामीण युवा अपनी जान जोखिम में डालकर खेलकूद करने को मजबूर हैं। गांव के पास स्थित विद्युत पावर हाउस के निकट खाली पड़ी जमीन पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में युवक क्रिकेट, फुटबॉल और अन्य खेलों का अभ्यास करते हैं। यह स्थान हाईटेंशन बिजली लाइनों और ट्रांसफार्मरों से घिरा होने के कारण किसी भी समय हादसे का कारण बन सकता है।
ग्रामीणों ने बताया कि खेल के लिए कोई सुरक्षित मैदान उपलब्ध न होने से युवाओं को इसी स्थान पर अभ्यास करना पड़ता है। कई बार क्रिकेट की गेंद ट्रांसफार्मरों के पास या पावर हाउस परिसर में चली जाती है, जिसे निकालने के लिए खिलाड़ी अंदर तक पहुंच जाते हैं। वहीं आसपास के खेतों में गेंद जाने पर किसानों से भी विवाद की स्थिति बन जाती है।
युवाओं विनय, नैतिक, सौरभ, दीपक, अमित, संदेश, रवि और प्रियांश ने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण अधिकांश खिलाड़ी शहरों में प्रशिक्षण लेने नहीं जा पाते। गांव में क्रिकेट, फुटबॉल, बैडमिंटन और कुश्ती जैसी खेलों की प्रतिभाएं मौजूद हैं, लेकिन सुविधाओं के अभाव में उनका हुनर निखर नहीं पा रहा है।
राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त चित्रकार पुष्पेन्द्र कुमार राज ने भी युवाओं की मांग का समर्थन करते हुए कहा कि ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए खेल मैदान की व्यवस्था बेहद जरूरी है। समय रहते पहल न होने पर कोई बड़ा हादसा भी हो सकता है।
ग्राम पंचायत सचिव शिवम कौशिक ने बताया कि खेल मैदान के लिए ग्राम पंचायत की खाली भूमि चिन्हित कराने को लेकर लेखपाल और प्रधान से वार्ता की जा रही है। वहीं बीडीओ कदौरा संदीप मिश्रा ने कहा कि युवाओं के लिए जल्द खेल मैदान विकसित कराने की दिशा में कार्रवाई की जा रही है। भूमि चिन्हित होते ही प्रस्ताव तैयार कर आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।