आटा। थाना क्षेत्र में महिलाओं के साथ आपराधिक घटनाएं कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। बुधवार को बाइक सवार टप्पेबाज महिला से करीब 50 हजार के जेवर लेकर भाग निकले। महिला ने पुलिस को बताया कि उसने टप्पेबाजों को जेवर चमकाने के लिए दिए थे। पुलिस अब टप्पेबाजों के हुलिए के आधार पर उनकी तलाश कर रही है।
महिला गुड्डी देवी ने पुलिस को बताया कि दोपहर में बाइक सवार दो युवक मोहल्ले में सोने चांदी के जेवर चमकाने की आवाज लगा रहे थे। इस पर महिला ने दोनों युवकों को घर के दरवाजे पर रोका और भीतर से मंगलसूत्र व एक जोड़ी सोने की झुमकी लाकर दोनों के हथ में चमकाने के लिए थमा दिए। तभी एक युवक ने गुड्डी से पानी लाने को कहा। जब गुड्डी गर्म पानी लेकर बाहर आई तो टप्पेबाज जेवरों समेत नदारद थे। इस पर गुड्डी ने चीखना चिल्लना शुरू कर दिया और मोहल्ले में भीड़ लग गई। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। देर शाम सीओ कालपी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस का कहना है कि टप्पेबाजों की तलाश की जा रही है, जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा।
--
दस दिन पहले महिला से लूट भी हुई थी
कस्बे के लोगों ने बताया कि करीब दस दिन पहले बुजुर्ग महिला के घर में घुसकर कुछ बदमाशों ने मारपीट कर नगदी लूटी थी, पुलिस ने मामला छेड़खानी के विरोध में मारपीट का दर्ज कर उसे ठंडे बस्ते में डाल दिया। पुलिस गश्त होती तो टप्पेबाज भी न भाग पाते।