जिला विधिक प्राधिकरण सचिव रेनू यादव जिला कारागार का निरीक्षण करती
- फोटो : ORAI
उरई। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के प्लान ऑफ एक्शन के अंतर्गत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव रेनू यादव ने बुधवार को जिला कारागार का निरीक्षण किया गया। उन्होंने विभिन्न बैरकों का भ्रमण किया और वहां निरूद्ध बंदियों से पूछताछ कर उनकी समस्याओं को जाना तथा जेल प्रशासन को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
उन्होंने बंदियों के मुकदमों की पैरवी, उनको दी जाने वाली विधिक सहायता और महिला बंदी व उनके साथ रह रहे बच्चों की चिकित्सा व खानपान इत्यादि के बारे में कई बंदियों से अलग-अलग जानकारी ली। जेल प्रशासन को हिदायत दी कि कोई भी ऐसा बंदी जिसका निजी अधिवक्ता न हो या फिर न्यायालयों में पैरवी न हो पा रही हो, ऐसे बंदियों को को विधिक सहायता दिलाने की कार्रवाई सुनिश्चित करें। जो बंदी दोषसिद्ध हो चुके हैं, की अपील न हो पाने की स्थिति में नियमानुसार जेल अपील कराई जाए।
टीकाकरण के बारे में प्रभारी जेल अधीक्षक सुनीत कुमार ने बताया कि अब तक वैक्सीन की प्रथम डोज प्राप्त कर चुके पुरुष बंदियों की संख्या 944 एवं महिला बंदियों की संख्या 49 है। द्वितीय डोज प्राप्त कर चुके पुरुष बंदियों की संख्या 165 एवं महिला बंदियों की संख्या 23 है। प्रथम डोज के शेष पुरुष बंदियों की संख्या 39 एवं महिला 02 हैं। द्वितीय डोज के लिए पुरुष बंदी 779 हौ महिला बंदी 26 शेष है। इस दौरान डिप्टी जेलर पुष्पेंद्र विक्रम, हौसला देवी आदि मौजूद रहे।