एट। डकोर ब्लाक के सोमई गांव में गुरुवार को मंडलायुक्त अजय शंकर पांडे और डीएम प्रियंका निरंजन ने चौपाल लगाई। इसमें ग्रामीणों ने बिजली-पानी और स्वास्थ्य के मुद्दे उठाएं। साथ ही ग्रामीणों ने पीएचसी में डॉक्टर न मिलने और दवाइयां बाहर की लिखने की शिकायत की। इस पर उन्होंने सीडीओ की अध्यक्षता में कमेटी बनाकर जांच कराने का आश्वासन दिया।
चौपाल में सबसे पहले ग्रामीणों ने गांव की चिंताजनक स्वास्थ्य व्यवस्था की शिकायत की। बताया कि डॉक्टर प्रतिदिन नहीं बैठते हैं। कभी-कभी ही आते हैं। साथ ही स्वास्थ्यकर्मियों पर दवाइयां न देने का आरोप लगाया। ग्रामीणों ने गांव में जल संकट की भी समस्या बताई। कहा कि गांव के कई मोहल्ले ऊंचाई पर स्थित है जिसके चलते वहां पानी नहीं पहुंच पाता है। ऐसे में हैंडपंप ही एकमात्र सहारा हैं। गांव में कई हैंडपंप खराब हैं और जो सही हैं उसमें खारा पानी आ रहा है। उधर, ग्रामीणों ने तापमान बढ़ने के साथ ही बिजली कटौती की शिकायत की।
चौपाल में ग्रामीणों की बातचीत सुनने के बाद मंडलायुक्त ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए गांव में कैंप लगाए जाएं। चौपाल का संचालन डीडीओ सुभाष चंद्र त्रिपाठी ने किया। प्रधान राजेंद्र पटेल ने गांव में आकर समस्याएं सुनने के लिए सभी अधिकारियों को धन्यवाद दिया। इस मौके पर सीडीओ डॉ. अभय कुमार श्रीवास्तव, एसपी रवि कुमार, एडीएम पूनम निगम, एसडीएम सदर रामकुमार, सीओ कोंच शहिदा नसरीन समेत सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
------------
सुनवाई न करने वाले नपेंगे
मंडलायुक्त से चौपाल में कुछ ग्रामीणों ने अतिक्रमण की भी शिकायत की। उन्होंने बताया कि 14 अप्रैल से अतिक्रमणकारियों के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा। इसमें लापरवाही बर्दाशत नहीं की जाएगी। साथ ही चेतावनी देते हुए कहा कि सभी अधिकारी अतिक्रमण की शिकायतों को गंभीरता से लें अन्यथा उनके ंखिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
----------------
तालाब और पीएचसी का हाल देखा
मंडलायुक्त ने गांव के तालाब, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, गोशाला और गांव में बन रहे खेल मैदान का निरीक्षण किया। तालाब का जल्द सुंदरीकरण कराने के साथ ही मैदान का भी निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। साथ ही पीएचसी और गोशाला में व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के लिए कहा।
--------------
फोटो 07:::चौपाल से लौटते वक्त कानपुर-झांसी हाईवे पर पानी फैलाते हुए जाता जल संस्थान का टैंकर। संवाद
टैंकर तो खाली करके ही जाएंगे साहब...
चौपाल में जल संस्थान की ओर से पानी का टैंक भेजा गया। वह इसलिए भरा खड़ा रहा कि कहीं पानी संकट न हो जाए और ग्रामीण हंगामा न करने लगे। चौपाल खत्म होने के बाद मंडलायुक्त के जाते ही टैंकर लेकर निकले चालक ने पानी की टोंटी खोलकर झांसी-कानपुर हाईवे को तर कर दिया।
--------
आधुनिक खेती देखने का आग्रह
गांव सोमई में चौपाल करने आए मंडलायुक्त से बुंदेलखंड कृषि उत्पाद संरक्षण समिति के सदस्य लक्ष्मीनारायण चतुर्वेदी, शिवशंकर, महेश उपाध्याय आदि ने मुलाकात की। उन्होंने संगठन से जुड़े किसानों द्वारा की गई आधुनिक खेती को देखने का आग्रह किया। इस मंडलायुक्त ने जल्द आने का आश्वासन दिया।