कदौरा क्षेत्र के पंडोरा गौशाला में नारेबाजी करते किसान
- फोटो : ORAI
कदौरा। ब्लाक क्षेत्र के ग्राम पंडौरा में रविवार सुबह गोशाला से निकले मवेशियों ने 20 बीघे मटर की फसल रौंद दी। इससे किसान आक्रोशित हो गए और प्रधान व गोशाला संचालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसानों को समझा बुझाकर शांत कराया। किसानों का आरोप है कि प्रधान ने अव्यवस्थाओं के चलते गोशाला का गेट खोल दिया है। जिससे जानवरों ने उनकी फसल नष्ट कर दी गई। उधर, प्रधान ने भी किसानों पर आरोप लगा तहरीर दी है।
ग्राम पंडारो में सुबह अन्ना मवेशियों ने किसानों की 20 बीघे की फसल को नष्ट कर दिया। मवेशियों को खेतों में देख किसान आक्रोशित हो गए और गोशाला पहुंचे। जहां गेट खुला मिला और मवेशी भी नहीं दिखे। इसके बाद आक्रोशित किसानों ने हंगामा किया। किसानों का आरोप है कि गोशाला में अव्यवस्थाओं के चलते अक्सर मवेशी किसानों की फसलों को नष्ट कर रहे हैं। कई बार इसकी शिकायत प्रधान से की गई। पर कोई सुध नहीं ली गई हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसानों पर कार्रवाई का आश्वासन देकर मामले को शांत कराया। इसके बाद मवेशियों को गोशाला में बंद कराया। किसानों ने आरोप लगाया कि प्रधान व उसके परिजनों ने रात में गोशाला का गेट खोल कर मवेशियों को बाहर निकाल दिया। जिससे देवी दयाल की 3 बीघे, रज्जन की 3 बीघे, परसोला की 3 बीघे, गयाप्रसाद की 4 बीघे, पंचम की 2 बीघे, कल्लू की 1 बीघे, मूलचन्द्र की 2 बीघे, रामकृपाल की 2 बीघे मटर की फसल रौंद डाली है। किसानों ने प्रधान व उसके परिजनों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए पुलिस को तहरीर दी है। वहीं प्रधान रामनारायण ने किसानों पर अभद्रता गालीगलौज का आरोप लगा कर तहरीर दी है। प्रभारी निरीक्षक रवींद्र नाथ यादव ने कहा कि दोनो पक्ष की तहरीर मिली है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।