उरई। बाइक सवार लुटेरों ने 18 अगस्त की रात को युवक से मोबाइल व पांच सौ रुपये लूट कर भागने वालों को पकड़ लिया। थाना पुलिस व एसओजी व सर्विलांस की टीम ने दो लुटेरों को पकड़कर तमंचा, कारतूस, छुरी, बाइक, मोबाइल बरामद किए।
पुलिस कार्यालय में पकड़े गए लुटेरों का खुलासा करते हुए एएसपी राकेश सिंह ने बताया कि राकेश कुमार निवासी अभेदेपुर के साथ 18 अगस्त की रात को दो बाइक सवार लुटेरों ने लूट की घटना को अंजाम दिया था। लुटेरे उसका मोबाइल व पांच सौ रुपये लूट ले गए थे। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद एसपी रवि कुमार ने सिरसाकलार थाना पुलिस, एसओजी व सर्विलांस टीम को लगाया था। पुलिस टीम ने थानाक्षेत्र के धामनी नदी पुल के किनारे से मंगलवार को लुटेरे जाकिर खां उर्फ गुड्डू, अजय जाटव निवासी बंगरा थाना माधौगढ़ को पकड़ लिया। तलाशी में उनके पास से 315 बोर का तमंचा, दो कारतूस, एक छुरी, दो मोबाइल फोन, एक बाइक, एक हजार रुपये बरामद हुए। लुटेरों ने बताया कि 17 अगस्त को भी उन्होंने कोंच क्षेत्र के इमिलिया रोड पर एक बाइक सवार से मोबाइल व तीन हजार रुपये लूट लिए थे। पकड़े गए लुटेरा जाकिर जिला बदर चल रहा है। उसने बताया कि वह भांडेर मध्य प्रदेश में बहन के घर जा रहा है। और कभी कभी यहां आकर जिले में लूटपाट करके भाग जाता है। जाकिर पर जिले के अलग-अलग थानाक्षेत्रों में मामले दर्ज है। जबकि औरैया जनपद के फफूंद थाना में दो और मध्य प्रदेश के भिंड जनपद के मिहोना थाना में एक मामला दर्ज है। लुटेरों को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अजय कुमार, एसओजी प्रभारी कमलेश कुमार, सर्विलांस प्रभारी कुलभूषण सिंह सहित तीनों टीमों के सिपाही मौजूद रहें। एएसपी ने पुलिस टीम को 10 हजार रुपये का पुरस्कार दिया है।