कोंच। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम ताहरपुरा में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला के परिजनों के मुताबिक बीमारी से मौत बताई गई है जबकि मृतका के मायके वालों ने दहेज को लेकर हत्या का आरोप लगाया है।
ग्राम ताहरपुरा निवासी अनिल दोहरे की पत्नी शालिनी की गुरुवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की सूचना मृतका के परिजनों ने ही पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की सूचना मिलने पर ताहरपुरा पहुंची। मृतका की मां कृष्णकांती निवासी सिलेहरा थाना राजपुर कानपुर देहात ने पुलिस को प्रार्थनापत्र देकर पुत्री के ससुरालीजनों पर अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी ना होने पर पुत्री की हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई करने की मांग की है। ससुरालीजनों ने बताया कि विगत दिनों शालिनी के बच्चा हुआ था जो मर गया था। जिसके चलते शालिनी बीमार हो गई थी। उसका उपचार चल रहा था, इसी बीच बीमारी के चलते शालिनी की भी मौत हो गई। उधर, पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी।
---------------------
बैंक के अंदर से युवती का 20 हजार रुपये का थैला पार
कोंच। सेंट्रल बैंक की स्थानीय शाखा के अंदर से एक युवती 20 हजार रुपये का थैला पार हो गया। युवती ने एक महिला पर रुपये का झोला पार कर देने का आरोप लगाया है।
मोहल्ला सुभाषनगर निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक अमरनाथ उदैनिया की पुत्री समता उदैनिया ने कोतवाली पुलिस को प्रार्थनापत्र देकर बताया कि गुरुवार को वह सेंट्रल बैंक की स्थानीय शाखा में अपने बैंक खाते से रुपये निकालने गई थी। उसने 20 हजार रुपये निकालकर अपने झोले में रख लिए और काउंटर पर झोला रखकर कागजात संभालने लगी। इसी दौरान नजदीक आई एक अज्ञात महिला झोला लेकर बैंक से बाहर भाग गई। समता ने पुलिस से उक्त घटना को लेकर कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस घटना की जांच में जुट गई है। वहीं उक्त घटना को लेकर बैंक प्रबंधन की लापरवाही भी सामने आई है जिससे रुपयों का थैला पार कर ले जाने वाली उस महिला की पहचान उजागर नहीं हो सकी है। बैंक के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे बीते करीब डेढ़ माह से खराब पड़े हुए हैं। शाखा प्रबंधक अरविंद आर्या ने बताया कि दोपहर के समय उक्त घटना घटित हुई है। पर कैमरे खराब होने के चलते फुटेज नहीं निकाले जा सकते हैं।
-----------
दबंगों पर घर में घुस कर मारपीट का आरोप लगाया
कोंच। महिला ने दबंग युवकों पर घर में घुसकर मारपीट करने का आरोप लगाया है। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम चांदनी निवासी कांति देवी ने गुरुवार को पुलिस को बताया कि वह बुधवार की शाम अपने घर के अंदर घर का काम कर रही थी। तभी गांव के ही कुछ दबंग व्यक्ति उसके घर में शराब के नशे में धुत होकर घुस आए और पति के बारे में पूछने लगे। उसने पति के बारे में जानकारी देने से मना कर दिया। तो उन दबंगों ने गालीगलौज कर उसे मारापीटा। शोरगुल सुनकर मौके पर आए उसके बेटे के साथ भी मारपीट की और धमकी देकर मौके से भाग गए। महिला ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। (संवाद)