मुहम्मदाबाद। संदिग्ध हालात में नवविवाहिता का शव घर के कमरे में फांसी पर लटका मिला। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को उतरवाकर जांच पड़ताल की। साथ ही मायके पक्ष के लोगों को सूचना देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
डकोर कोतवाली क्षेत्र के खरका गांव निवासी मनीष राजपूत की 22 वर्षीय नवविवाहिता पत्नी तारा देवी का शव संदिग्ध हालात में रविवार की दोपहर घर के कमरे में लगे हुक से साड़ी के फंदे पर लटका मिला। परिजनों को जानकारी होने पर घर में कोहराम मच गया। परिजनों ने इसकी सूचना डकोर कोतवाली पुलिस को दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर परिजनों से पूछताछ की। परिजनों ने बताया कि मृतका का मायका कुर्रा जनपद हमीरपुर में है। नौ माह पहले ही उसकी शादी मनीष के साथ हुई थी। परिजन गृह कलह के चलते आत्महत्या करने को वजह बता रहे है। वहीं पुलिस का कहना है कि मृतका के मायके वालों के आने के बाद ही कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत की वजह पता चलेगी। तारा की मौत से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।