कालपी। जल संस्थान के ओवरहेड टैंक में तकनीकी गड़बड़ी हो जाने के कारण नगर के कई मोहल्लों में पानी की आपूर्ति ठप हो गई है। इस कारण लोगों को पानी के लिए भटकना पड़ रहा है।
मालूम हो की मोहल्ला महमूदपुरा पुरानी कोतवाली के पीछे जल संस्थान का नलकूप एवं ओवर हेड टैंक स्थापित है। नलकूपों से ओवर हेड टैंक पानी को भर दिया जाता है। इसके बाद पानी की आपूर्ति की जाती है। फोर्स से पानी निकलने के कारण ऊंचाई तथा निचाई के मोहल्लों में आसानी से पेयजल आपूर्ति होती है। पिछले तीन दिन पहले ओवरहेड टैंक तकनीकी गड़बड़ी आ गई है। परिणाम स्वरूप नगर के मोहल्ला इंदिरा नगर तथा महमूदपुरा सहित कई मोहल्लों में पेयजल की आपूर्ति प्रभावित होने लगी मोहल्ला महमूदपुरा निवासी राकेश आदि ने बताया कि तीन दिनों से लोगों के घरों में पानी नहीं आ रहा है। मजबूरी में मोहल्ले वासियों को दूरदराज से पानी भरकर लाना पड़ रहा है। इंद्रा नगर निवासी राजदीप ने बताया कि मोहल्ला में पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है। जल संस्थान के अवर अभियंता सभापति सिंह ने बताया कि ओवरहेड टैंक तकनीकी गड़बड़ी को सुधारने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि जल्द पानी की सप्लाई शुरू हो जाएगी। इसी प्रकार नगर के ही गणेशगंज तथा रामगंज मोहल्ले में पेयजल की समस्या दिनों दिन खराब होती जा रही है। मोहल्ला के लोगों ने बताया कि मोहल्ले में कई स्थानों पर पाइप लाइनों में लीकेज होने से आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित हो रही है।