शिकायतों के निस्तारण में न हो लापरवाही
जालौन। एडीएम पूनम निगम की अध्यक्षता में कोतवाली में आयोजित हुए थाना समाधान दिवस में छह फरियादियों ने शिकायतें दर्ज कराईं। इसमें चार शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण हुआ।
एडीएम पूनम निगम की अध्यक्षता एवं सीओ विजय आनंद की उपस्थिति में कोतवाली परिसर में थाना समाधान दिवस का आयोजन हुआ। थाना समाधान दिवस में एडीएम ने कहा कि फरियादी अपनी शिकायत लेकर अधिकारी के पास आता है तो उसकी शिकायत को गंभीरता से सुनें। यदि संभव हो तत्काल शिकायत के निस्तारण का प्रयास करें। मकरंदपुरा निवासी नरेश ने आम रास्ते पर अतिक्रमण कर रास्ते को बंद करने, पप्पू जगतपुरा ने चकरोड पर अतिक्रमण की शिकायत समेत छह शिकायतें दर्ज की गईं। जिनमें से 4 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों को निस्तारण के लिए लेखपालों को सौंपकर मौके पर जाकर गुण दोष के आधार निस्तारण के निर्देश एडीएम ने दिए। (संवाद)
--
10 में से सात शिकायतों का निस्तारण
माधौगढ़। कोतवाली परिसर पर कोतवाल प्रवीण कुमार यादव की अध्यक्षता में थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिसमें दस शिकायतें में सात का निस्तारण कर दिया गया। क्षेत्र के मोहल्ला मैथिलीशरण निवासी रमेश की जमीन को लेकर की गई शिकायत का तत्काल निदान करा दिया गया। सूपा निवासी पुष्पलता ने देवर पर कागजी कार्रवाई के नाम पर धोखे से बारह बीघा जमीन दान कराने का आरोप लगाया। इस दौरान ब्लाक प्रमुख चिंतामन दोहरे, मंसूर खान, शिवभजन, तपस्या गौतम, मनीष, नरेश सिंह आदि मौजूद रहे। (संवाद)
---
राजस्व समस्याओं के निस्तारण के लिए टीमें बनाई
कोंच। सर्किल के तीन थानों में पुलिस से संबंधित आईं अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। राजस्व से जुड़ी समस्याओं के निस्तारण के लिए राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीमें बनाईं गई हैं।
कोतवाली में एसडीएम अंकुर कौशिक की अध्यक्षता और सीओ राहुल पांडे, तहसीलदार नरेंद्र कुमार व प्रभारी निरीक्षक बलिराज शाही की मौजूदगी में समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कोंच में पांच शिकायतें आईं जिनमें तीन राजस्व और दो पुलिस से संबंधित हैं, एक का मौके पर निस्तारण किया गया। नदीगांव में एसएचओ आरके सिंह की अध्यक्षता में थाना समाधान दिवस में तीन शिकायतें आईं, सभी का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। कैलिया में एसएचओ अनिल कुमार की अध्यक्षता में निपटे समाधान दिवस में आईं दो शिकायतों में एक का मौके पर निस्तारण किया गया, दूसरी राजस्व से संबंधित थी। जिसके निस्तारण के लिए टीम बनाई गई है।
---