मुहम्मदाबाद। पुराने मामले में जांच को लेकर एनजीटी की टीम डकोर ब्लाक के बंधौली घाट पहुंची। टीम ने जांच को गंभीरता पूर्वक किया और पूरी रिपोर्ट तैयार की। तीन सदस्यीय टीम के सदस्यों ने बताया कि पहले की एक शिकायत पर जांच करने आए थे। रिपोर्ट सीधे शासन को दी जाएगी। खनिज अधिकारी आर सिंह ने बताया कि बुधवार की शाम एनजीटी की टीम पर्यावरण संबंधी एक पुराने मामले की जांच के लिए बंधौली पहुंची थी। टीम के साथ उनके अलावा तहसीलदार और राजस्व विभाग के कर्मचारी भी थे। कुछ देर तक घाट का निरीक्षण करने के बाद टीम वापस लौट गई। उन्होंने निरीक्षण के संदर्भ में कोई जानकारी स्थानीय प्रशासन को नहीं दी।
----
आयोग के सदस्य ने सुनी समस्याएं
मुहम्मदाबाद। राज्य एससीएसटी आयोग के सदस्य केके राज ने डकोर ब्लाक के प्राइमरी स्कूल ऐर में ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उनके निस्तारण का भरोसा दिया। उन्होंने अनुसूचित जाति के लिए संचालित योजनाओं के बारे में भी बताया। साथ ही जर्जर सड़क बनवाने के लिए पहल बनवाने का आश्वासन दिया। इस दौरान प्रधान जुझार सिंह, रामप्रकाश मुखिया, सूर्य नायक, जयभान वर्मा, आयुष राज, पुष्पेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे। (संवाद)
----------
मासूम से दुष्कर्म में किशोर को तीन साल की सजा
उरई। शहर के एक मोहल्ले में रहने वाली मासूम के साथ दुष्कर्म के आरोपी किशोर को किशोर न्याय बोर्ड ने तीन साल की सजा सुनाते हुए विशेष गृह गाजीपुर भेज दिया। सहायक अभियोजन अधिकारी राकेश कुमार वर्मा ने बताया कि शहर के एक मोहल्ला में 2015 में मासूम के साथ दुष्कर्म के आरोप में एक किशोर को गिरफ्तार किया गया था। आरोप साबित होने पर गुरुवार को किशोर न्याय बोर्ड ने दोषी किशोर को तीन साल की कैद और पांच हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई। अर्थदंड में 75 प्रतिशत राशि पीड़ित पक्ष को देने और अर्थदंड न देने पर एक माह का अतिरिक्त कारावास भुगतने की सजा सुनाई। (संवाद)