घटना के बाबत जानकारी देता बृजेंद्र
- फोटो : ORAI
कोंच। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम गुरावती में रात को बदमाशों की चहलकदमी पर ग्रामीणों ने अपने घरों की छतों से हवाई फायरिंग कर दी। फायरिंग देख बदमाश भाग खड़े हुए। काफी देर बाद ग्रामीणों की सूचना पर यूपी 112 और कोतवाली पुलिस भी रात में गांव पहुंची थी। जहां उसने लोगों से मामले के बाबत पूछताछ की। ग्रामीणों में कोतवाली पुलिस की हीलाहवाली से रोष है।
बता दें कि बीते कुछ दिनों से चोरी व लूटपाट की घटनाएं बढ़ी हैं। इस पर रोक लगाने के लिए एसपी स्वयं रातों को गश्त कर रहे हैं। बुधवार को गुरावती के ग्रामीणों राजकुमार, अंकित, राहुल, फूलसिंह, तिलकसिंह, मुकेश, संतोष, अवधेश, दीपक, राजेश आदि ने बताया कि भागने से पहले बदमाश गांव में बृजेंद्र पुत्र रामदयाल के घर में घुसे थे। उन्होंने बृजेंद्र की पांच वर्षीय पुत्री शिवन्या व डेढ़ वर्षीय पुत्र अंश को एक कमरे में बंद कर दिया था। पर ग्रामीणों के आने से बदमाशों को भागना पड़ा। ग्रामीणों ने ताला तोड़कर बच्चों को बाहर निकाला। ग्रामीणों ने बताया कि दो दिन पहले भी बदमाश रात के अंधेरे में बृजेंद्र के घर में घुस गए थे। घर में बुजुर्ग मां गायत्री के बैग में से सोने चांदी के कुछ जेवर व नगदी चोरी कर ले गए थे। बृजेंद्र की पत्नी रानी के जाग जाने पर बदमाशों ने उसके ऊपर ईंट से हमला कर घायल कर दिया था। जिसकी सूचना पुलिस को दी गई थी। इसी तरह ग्राम खोहा में भी अभिलाख सिंह के घर में घुसने की कोशिश करते बदमाशों को ग्रामीणों ने दौड़ा लिया था। बहरहाल गांव में बदमाशों के घुसने से दहशतजदा ग्रामीण अपने घरों के कमजोर दरवाजे, खिड़कियां व छत का छप्पर आदि दुरुस्त करने में लगे हुए हैं।
---------
पार्लर संचालिका का टप्पेबाज ने पर्स उड़ाया
जालौन। भाजपा नेता धीरज बाथम की पत्नी नंदनी बाथम का चुर्खी रोड स्थित चंदाछाया गेस्ट हाउस में ब्यूटी पार्लर है। नंदनी ने बताया कि बुधवार की दोपहर एक अधेड़ महिला आई और फेसियल के दाम पूछे। 200 रुपये बताए। इस पर महिला ने बताया कि उसके पास दो हजार का नोट है। बिना फेसियल कराए ही उसने कहा उसमें से रुपये ले लें। नंदनी ने पर्स में दो हजार का नोट रखकर उसी में से महिला को 1800 रुपये वापस लौटा दिए। इसके बाद महिला ने उन्हें लहंगा दिखाने को कहा। इसके बाद महिला कुछ देर बाद फेसियल कराने के लिए आने की बात कहकर वहां से चली गई। महिला के जाने के बाद जब ब्यूटी पार्लर संचालिका ने पर्स देखा तो गायब था। नंदिनी बाथम ने बताया कि जब वह महिला को लहंगा दिखाने लगी थी तभी पर्स चोरी कर लिया। उन्होंने बताया कि पर्स में साढ़े 5 हजार रुपये नगद व कान के कुंडल रखे थे, जो चोरी चले गए। इस संदर्भ में पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। (संवाद)