जालौन। ग्राम पंचायत धनौरा कला में अंतर्जनपदीय दंगल आयोजित हुआ। पहला मुकाबला कुठौंदा के लोकेश और तारपुरा के अरविंद के बीच हुआ। यह मुकाबला 15 मिनट तक चला। दोनों ही पहलवानों ने अपने दांवपेंच आजमाए पर मुकाबला बराबरी में छूटा। इस मुकाबले में दर्शकों ने दोनों ही पहलवानों का उत्साहवर्धन किया। इसके बाद दूसरा मुकाबला औरैया के राममिलन और कुठौंदा के आशू के बीच हुआ। यह मुकाबला भी बिना किसी नतीजा के रहा। तीसरे मुकाबले में मुरैना के सोनू और कुठौंदा के कुलदीप के बीच हुआ। दोनों ही पहलवानों ने एक से बढ़कर एक दांवपेंच आजमाए। अंत में सोनू के दांव का तोड़ कुलदीप नहीं निकाल पाए और उन्हें शिकस्त का सामना करना पड़ा।
इससे पहले दंगल का शुभारंभ ब्लाक प्रमुख रामराजा निरंजन, दीपू त्रिपाठी व भाजपा नगर अध्यक्ष अभय सिंह राजावत ने किया। इस दौरान प्रधान कोमेश राजा, प्रधान प्रतिनिधि डॉ. राघवेंद्र सिंह गुर्जर, मनोज बादल, बबलू, अरविंद, प्रभुदयाल, अंशुल आदि मौजूद रहे।