आग से जलने के बाद सामान निकालती ग्रह स्वामी
- फोटो : ORAI
जालौन। हरक्का गांव में एक किसान के घर में गुरुवार रात शार्ट सर्किट से देर रात आग लग गई। फ्रिज का कंप्रेशर फटने से हुई आवाज सुनकर परिजनों को आग लगने का पता चला। शोर सुन आसपास के लोगों ने पानी से आग बुझाना शुरू किया। दो घंटे बाद आग पर काबू पाया जा सका। तब तक करीब एक लाख रुपये की गृहस्थी जलकर बेकार हो गई।
ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम हरक्का निवासी किसान उमेश पुजारी गुरुवार रात लगभग आठ बजे परिवार के साथ सो रहे थे। घर का कुछ हिस्सा कच्चा है। रात लगभग दो बजे अचानक घर के कच्चे हिस्से में आग की लपटें उठने लगीं। परिवार के लोग पहले समझते रहे कि मौसम खराब होने से शायद पानी बरस रहा है। जब उन्हें रोशनी और गर्माहट महसूस हुई तो उमेश की आंख खुल गई। इसी बीच आग से फ्रिज का कंप्रेशर तेज आवास के साथ फट गया। परिजन हड़बड़ाकर उठ बैठे। कमरे से बाहर निकल कर देखा तो घर का कच्चा हिस्सा धू-धू कर जल रहा था। परिवार ने मदद के लिए पुकार लगाई। ग्रामीणों ने बाल्टी से पानी डालकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया लेकिन बात नहीं बनी। तब ग्रामीणों ने गांव में लगे सबमर्सिबल पंपों को चालू कर आग पर पानी फेंकना शुरू किया। दो घंटे की मेहनत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। तब तक फ्रिज, कूलर, पंखा, टेबल, कुर्सी समेत गृहस्थी के सामान व अनाज जलकर बेकार हो गया। सुबह जब लोगों ने कमरे में देखा तो कमरे में लाइट के लिए लगी केबल जली थी। इससे शार्ट सर्किट का अंदेशा जताया गया। पीड़ित किसान ने आग से करीब एक लाख रुपये का नुकसान होने की सूचना लेखपाल को दी है।