उरई। भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) की मासिक पंचायत गल्ला मंडी के सभागार में शिवसहाय राजपूत की अध्यक्षता में हुई। इसमें बिजली विभाग की कार्यशैली पर नाराजगी जाहिर की गई। कहा कि जर्जर खंभों और तारों को बदला नहीं जा रहा है। यदि विभाग ने कार्यशैली न बदली तो आंदोलन होगा।
प्रदेश अध्यक्ष राजवीर सिंह जादौन ने कहा कि पिछले दिनों बारिश से किसानों की 50 से 80 फीसदी नुकसान हुआ है। ऐसे में किसानों के नुकसान की भरपाई के लिए सर्वे कराकर मुआवजा दिया जाए। उन्होंने कहा कि खेतों के किनारे खड़ी खरपतवार के कारण किसानों का नुकसान हुआ है। उसका भी सर्वे कराकर बीमा कंपनियों से मुआवजा दिलाया जाए।
जिलाध्यक्ष डॉ द्विजेंद्र सिंह ने कहा कि पीएम सम्मान निधि से कई किसान वंचित है। सभी पात्र किसानों को सम्मान निधि का लाभ दिया जाए। उन्होंने कहा कि नहर विभाग के कार्यों को गुपचुप कराकर धांधली की जा रही है। नहर विभाग होने वाले कार्योें को सार्वजनिक करें। इस दौरान रामकुमार पटेल, भगवानदास, जयराम, दयाशंकर, बबलू दीक्षित आदि मौजूद रहे।