कदौरा। कस्बा निवासी एक विवाहिता ने शनिवार को क्षेत्रीय विधायक नरेन्द्रपाल सिंह जादौन को शिकायती पत्र दिया। बताया कि उसका विवाह नसीम अली निवासी पुखरायां कानपुर के साथ 2014 में हुआ था। शादी के बाद से लगातार पति और अन्य ससुरालजन उसे अतिरिक्त दहेज में दो लाख रुपये व बाइक की मांग को लेकर शारीरिक एंव मानसिक प्रताड़ना करने लगे।
शादी के कुछ वर्षों बाद अतिरिक्त मांग की पूर्ति न करने पर ससुरालीजनों ने उसे घर से निकाल दिया। जिस पर वह मायके आ गई और कुछ दिनों बाद पति द्वारा भेजे गए एक पत्र में तीन तलाक देने की बात लिखी थी और उसे तलाक दे दिया गया। रिश्तेदारों के दबाव पर पति एवं उनके अन्य रिश्तेदार अपने घर ले गए। जहां पति नसीम अली, ससुर हबीब अली, सास जमीला ने जबरन मारपीट की। आरोप है कि पति ने दूसरी शादी कर ली। शिकायत के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हुई। जबकि ससुरालजनों द्वारा आए दिन धमकी मिल रही है। विधायक नरेंद्रपाल सिंह जादौन ने कहा कि शिकायती पत्र मिला है और उन्होंने पीड़िता को कार्रवाई का आश्वासन दिया है। (संवाद)