कोंच। ग्राम डोंगरपुरा में बनी गोशाला के 15 मवेशियों की मौत हो गई। आरोप है कि 6 मवेशियों को तो गड्ढ़ा खोदकर दफना दिया गया। जबकि 9 मवेशियों के शव आसपास पड़े मिले। ग्रामीणों में चर्चा है कि भंडारे की बासी भोजन खाने से मवेशियों की मौत हुई है।
नदीगांव विकास खंड की ग्राम पंचायत बसीठ के मजरा गांव डोंगरपुरा में एक ग्रामीण के घर पर सोमवार को भागवत कथा का भंडारा बांटा जा रहा था। भंडारा बांटे जाने के बाद करीब साढ़े तीन कुंतल आटे से बनी पूरी रखी रह गईं। उक्त पूरी बर्बाद होने से बचाने के लिए गांव में बनी गोशाला में गोवंशों के बीच डाल दी गईं। इसके बाद मंगलवार की भोर में 9 मवेशी ततारपुरा बंदा व नरिया किनारे मृत अवस्था में पाए गए तो गांव में हड़कंप मच गया। गांव के पूर्व प्रधान लालजी, सिद्दू, ठकुरी पाल आदि ग्रामीणों का आरोप है कि 6 शवों को तो गोशाला से संबंधित लोगों ने गड्ढ़ा खोदकर दफना दिया गया। मामले को लेकर एडीओ आईएसबी जो फिलहाल प्रभारी बीडीओ हैं, राजेश तिवारी का कहना है कि मवेशियों की मौत तो हुई है लेकिन कारण अभी स्पष्ट नहीं है। कुछ गोवंश बीमार भी थे, मामला दो दिन पुराना है, मृत गोवंशों को दफन करा दिया गया है। मामले की जांच कराई जाएगी।