कोंच। बाइक सवार पर पेड़ की डाल गिर पड़ी। हादसे में युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रुप से घायल हो गया और कुछ ही देर में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे कोंच सीएचसी पहुंचाया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं डाल काट रहा मजदूर मौके से भाग निकला।
कैलिया थाना क्षेत्र के कूड़ा गांव निवासी किसान प्रमोद गुरुवार की सुबह बाइक से कोंच की ओर जा रहा था। जब उसकी बाइक घमूरी गांव के पास पहुंची। तभी सड़क किनारे कट रहे बबूल के पेड़ की डाल टूटकर उस पर गिर पड़ी। हादसे में बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे रखे लोहे के पाइपों से टकरा गई। वह लहूलुहान हो गया और उसकी मौत हो गई। सूचना पाकर पहुंचे परिजनों ने बताया कि प्रमोद के एक बेटा डब्बू व बेटी अंशिका है। उसकी मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना पर विधायक मूलचंद्र निरंजन ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी।