कोंच में लूट का खुलासा करते सीओ
- फोटो : ORAI
कोंच। 2 अगस्त को कोंच-एट रोड पर ग्राम अंडा के समीप निर्माणाधीन पेट्रोल पंप के पास एक महिला के साथ हुई लूट के दो आरोपियों को पुलिस ने नहर किनारे गए सर्विस रोड से गिरफ्तार कर लिया है। एक आरोपी अभी भी फरार है।
कोंच कस्बे के मोहल्ला जवाहर नगर कटरा निवासी विनीता पत्नी सुदीप राठौर 2 अगस्त की दोपहर में अपने दो बच्चों सहित रक्षाबंधन का पर्व मनाने अपने ममेरे भाई शैलेंद्र के साथ बाइक से मामा के घर ग्राम विरगुवां जा रही थी। उसी दौरान एट की तरफ सेे आए बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने महिला का हैंडबैग लूट लिया था और कोंच की तरफ भाग गए थे। एसपी डॉ. यशवीर सिंह ने शीघ्र ही मामले का खुलासा कर अपराधियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे।
एएसपी डॉ. अवधेश सिंह के मार्गदर्शन और सीओ राहुल पांडे के नेतृत्व में कोतवाल इमरान खान, सागर चौकी प्रभारी संजीव कटियार व पुलिस बल ने घुसिया रेलवे क्रॉसिंग के पास से सुबह 11 बजे घटना में शामिल लवरेज पुत्र अफजाल निवासी मोहल्ला लाजपतनगर कोंच तथा राजकुमार पुत्र राजाराम निवासी महंतनगर कोंच को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास एक 315 बोर तमंचा, तीन कारतूस, एक बाइक तथा लूटा गया मोबाइल व 1300 रुपये बरामद हुए हैं। सीओ राहुल पांडेय ने बताया कि घटना में शामिल तीसरा आरोपी राहुल पुत्र बड़े लला निवासी तिलकनगर फरार है जिसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। बिना नंबर की बरामद बाइक फरार आरोपी राहुल की बताई गई है, जिसे सीज कर दिया गया है।