उरई। रेलवे ने झांसी कानपुर रूट से गुजरने वाली कई ट्रेनों में वातानुकूलित कोच में सीटों की संख्या बढ़ाई है। इससे यात्रियों को सहूलियत होगी। बता दें कि अभी तक एसी थर्ड कोच में 63 सीटें होती हैं। अब एसी थर्ड टाइप का ईकानमी क्लास का एक नया कोच लगाया है। इसमें पुराने थर्ड एसी कोच के मुकाबले बीस सीट अतिरिक्त होगी। यानी 83 सीटें होगी।
झांसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह के मुताबिक, झांसी कानपुर रूट से गुजरने वाली राप्तीसागर एक्सप्रेस, पुष्पक एक्सप्रेस, संत कबीरनगर एक्सप्रेस, कुशीनगर एक्सप्रेस और साबरमती एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों में 3 ईएम वन नाम से नया ईकानमी कोच लगाया गया है। इस कोच में कुल 83 सीटें होगी। जिसमें यात्री यात्रा कर सकेंगे। यही नहीं किराया में भी थर्ड एसी कोच के मुकाबले कम होगा। उन्होंने बताया कि किराया भी करीब सौ रुपये कम होगा। ऐसे में यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है। सबसे ज्यादा लाभ वेटिंग यात्रियों को मिलेगा। मुख्य आरक्षण पर्यवेक्षक डीपी मालवीय ने बताया कि इन ट्रेनों में ईकानमी क्लास का कोच लग गया है और उसकी बुकिंग भी शुरू हो गई है। (संवाद)