माधौगढ़। माधौगढ़ से अमखेड़ा तक जर्जर सड़क में गहरे गड्ढों को भरने के लिए ठेकेदार की ओर से गिट्टी डलवाए जाने का कुंअरपुरा के ग्रामीणों ने कड़ा विरोध किया। इस दौरान ग्रामीणों ने नारेबाजी करते हुए कहा कि सड़क का दोबारा डामरीकरण कराया जाए, केवल गड्ढों में गिट्टी डालकर खानापूरी न की जाए। जब तक डामरीकरण नहीं होगा, तब तक गिट्टी डालने का विरोध जारी रहेगा।
ग्रामीणों ने बताया कि करीब दो वर्ष पूर्व लोक निर्माण विभाग ने माधौगढ़ से अमखेड़ा तक लगभग 72 लाख रुपये की लागत से डामरीकरण कराया था लेकिन एक माह के भीतर ही माधौगढ़ से सिहारी तक सड़क में जगह-जगह गहरे गड्ढे हो गए। खराब सड़क से परेशान होकर ग्रामीणों ने करीब 20 दिन पहले ‘रोड नहीं तो वोट नहीं’ के नारे के साथ विरोध प्रदर्शन किया था।
रविवार को ठेकेदार ने गड्ढों में गिट्टी डालने का कार्य शुरू किया, जिसका ग्रामीणों ने विरोध किया। ग्रामीण मोनू सिंह और नमन सिंह ने बताया कि इस मार्ग से 15 गांवों की करीब 30 हजार आबादी का रोजाना आवागमन होता है। सड़क की बदहाली के कारण आए दिन दोपहिया वाहन सवार गिरकर घायल हो रहे हैं।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क का डामरीकरण नहीं कराया गया तो आगामी चुनाव में मतदान का बहिष्कार किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान शिवम सिंह, रमेश सिंह, आशुतोष सिंह, लक्ष्मी सिंह, दिनेश सिंह, प्रिंस, विकास सिंह सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।