उरई। जिले में अब 23 जनवरी को शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) 35 परीक्षा केंद्रों पर होगी। पहले यह परीक्षा 28 नवंबर को थी। पर पेपर लीक होने के कारण निरस्त कर दी गई थी। अब नए सिरे से इसकी तैयारी को अंतिम रुप दिया जा रहा है। पारदर्शी परीक्षा के लिए परीक्षा केंद्रों को सात सेक्टर और तीन जोन में बांटा गया है। इसके लिए तीन जोनल मजिस्ट्रेट, 7 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 35 स्टेटिक मजिस्ट्रेट बनाए गए है। जबकि 70 पर्यवेक्षक बनाए गए है। इसमें 35 शिक्षा विभाग के अधिकारी है और 35 प्रशासनिक अधिकारी है। इसके अलावा दस प्रशासनिक सचल दल बनाया गया है। जबकि तीन विभागीय सचल दल बनाए गए हैं।
डीआईओएस भगवत पटेल ने बताया कि प्राथमिक स्तर की परीक्षा के लिए 35 केंद्र और उच्च प्राथमिक स्तर की परीक्षा के लिए 24 केंद्र बनाए गए हैं। उन्होंने बताया कि डीआईओएस कार्यालय में नियंत्रण कक्ष बनाया गया है। नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नंबर 05162-252291 है। परीक्षा को लेकर डीआईओएस ने वर्चुअल बैठक भी की। कहा कि कोई भी अधिकारी कर्मचारी स्मार्ट फोन लेकर परीक्षा केंद्र के अंदर प्रवेश नहीं करेगा। परीक्षा केंद्र पर तीस मिनट पहले पहुंचना होगा। फोटोयुक्त पहचानपत्र के साथ डाउनलोड किया गया परीक्षा का परिचयपत्र लाना अनिवार्य है। साथ ही शासनादेश के अनुसार परिवहन बसों पर प्रवेशपत्र दिखाने पर अभ्यर्थियों को निशुल्क आवागमन की सुविधा मिलेगी।
-----------
जनपद में कुल परीक्षार्थियों की संख्या
प्राथमिक स्तर-17198
उच्च प्राथमिक स्तर-11611
कुल परीक्षार्थी-28809
--------
इन परीक्षा केंद्रों पर होगी परीक्षा
टीईटी परीक्षा के लिए जीजीआईसी, गांधी इंटर कालेज, गांधी महाविद्यालय, डीएवी इंटर कालेज, जीआईसी, आचार्य नरेंद्रदेव इंटर कालेज, सर्वोदय इंटर कालेज, एसआर पब्लिक स्कूल, जवाहर नवोदय विद्यालय, सेठ एमआर जयपुरिया स्कूल, मार्डन एकेडमी, शताब्दी सेंटर फार एजुकेशन कालेज, विनायक एकेडमी इंटरनेशनल स्कूल, विनायक एकेडमी इंटर कालेज, जनता विद्या मंदिर इंटर कालेज, सरस्वती ज्ञान मंदिर इंटर कालेज, डीवी कालेज, आर्य कन्या इंटर कालेज, आदर्श संस्कृत महाविद्यालय, सनातन धर्म इंटर कालेज, सरदार पटेल इंटर कालेज, सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज शांतिनगर व राजेंद्रनगर, महर्षि विद्या मंदिर, बीकेडी एल्ड्रिच स्कूल, रामश्री पब्लिक स्कूल, चौधरी चरण सिंह इंटर कालेज, बली मुहम्मद इस्लामिया पीजी कालेज, एसआर इंटर कालेज उरई व मड़ोरा, सरस्वती ज्ञान मंदिर बघौरा, बाल भारती इंटर कालेज,मार्निग स्टार सीनियर सेकेंडरी स्कूल, बीएसएस कालेज आफ साइंस को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।