माधौगढ़। ब्लाक संसाधन केंद्र के परिसर पर शारदा अभियान के तहत तीन दिवसीय नोडल अध्यापकों का प्रशिक्षण शिविर आयोजित हुआ। इसमें बीईओ नेत्रपाल सिंह ने अध्यापकों से कहा कि हाउस होल्ड सर्वे में कोई भी बच्चा विद्यालय में पंजीकरण से न छूटे। साथ ही जो बच्चे ड्रॉप आउट हैं उन्हें चिह्ति कर शत-प्रतिशत नामांकन कराने का लक्ष्य रखे। इसमें लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने नवोदय विद्यालय में अधिक से अधिक आवेदन कराने के लिए सभी अध्यापकों को निर्देशित किया। संदर्भदाता मोहित गुप्ता ने बताया कि किस प्रकार ड्रॉप आउट बच्चों का चिन्हांकन करने के बाद उनकी आयु वर्ग के अनुसार उन्हें कक्षा में प्रवेश कराना है। बच्चों को गतिविधि और खेल के माध्यम से विद्यालय से जोड़ें। एआरपी विनयदीप तिवारी ने शिक्षा देने संबंधी जानकारी दी। संदर्भ दाता पंकज सिंह ने विज्ञान विषय के बारे में बताया कि किस प्रकार गतिविधि और खेल-खेल में हमें बच्चों को गणित व विज्ञान जैसे विषयों को सिखाना है। इस मौके पर आयुषी मिश्रा, शालिनी वर्मा, राधा सोनीए गुलनाज, शक्ति, आशुतोष कुमार आदि मौजूद रहे।