मुहम्मदाबाद। विकास खंड डकोर क्षेत्र की ग्राम पंचायत ऐरी रमपुरा में जिला विकास अधिकारी (डीडीओ) सुभाष चंद्र त्रिपाठी ने जन चौपाल लगाई। जिसमें स्वास्थ्य, शिक्षा, बाल विकास विभाग एवं स्वयं सहायता समूहों ने स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को जागरूक किया।
ऐरी रमपुरा गांव में जन चौपाल में पीएचसी डकोर के चिकित्साधिकारी डॉ. इदरीश मुहम्मद की देखरेख में कोरोना टेस्ट, बाल पोषण आदि के स्टाल लगाकर ग्रामीणों को सरकार की ओर से संचालित योजनाओं की जानकारियां दी गईं। राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत महक महिला स्वयं सहायता समूह की संचालिका परबीन मंसूरी ने जूता चप्पल का स्टाल लगाकर बाजार से कम दामों में जूते, चप्पलों की बिक्री की। चौपाल में फल, मिठाई, कपड़े आदि देकर तीन गर्भवती की गोद भराई की रस्म की गई।
बीएसए प्रेमचंद यादव व प्रधान ओमकार सिंह ने बाल पोषण सप्ताह के तहत बच्चों को विटामिन ए की दवा पिलाई गई। इस दौरान बीडीओ बृजकिशोर कुशवाहा, एडीओ पंचायत बलबीर सिंह, सचिव रोहित कुशवाहा, नौशाद अली, मेहरबान सिंह, शिवकुमार, राघवेंद्र राजपूत, अनुराग सिंह, ज्योति गुप्ता आदि मौजूद रहे।