जालौन। बैंक से रुपये निकालकर बाइक से घर जा रहे भाई-बहन रास्ते में चाय नाश्ते के लिए रुक गए। तभी किसी ने बाइक पर टंगे झोले से 55 हजार रुपये पार कर लिए। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम जगनेवा निवासी प्रियंका देवी ने पुलिस को शिकायती पत्र दिया। बताया कि मंगलवार को भाई राजवीर मायके ले जाने के लिए घर आया था। दोपहर में उसने गल्ला मंडी स्थित इंडियन बैंक की शाखा से 55 हजार रुपये निकाले और झोले में रखकर भाई की बाइक पर टांग दिए।
जब वह चुंगी नंबर 4 पहुंचे तो भूख लगने पर एक होटल के बाहर बाइक खड़ी कर चाय नाश्ता करने लगे। तभी किसी ने उसके झोले में रखे रुपये पार कर दिए।
इसके बाद होटल में लगे सीसीटीवी कैमरे को उन्होंने देखा तो उसमें एक युवक झोले से रुपये निकालते हुए दिखाई दे रहा है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस सीसीटीवी कैमरे को खंगाल कर युवक की तलाश में जुट गई है।